शहर

भारी बारिश से हिमाचल बेहाल, फ्लैश फ्लड से चंबा-तीसा मार्ग बंद; अगले 6 दिन खराब मौसम का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मानसून आगमन के बाद से मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। चंबा के चुराह में पंगोला नाला उफान पर आ गया है। जिससे चंबा-तीसा मुख्य मार्ग बंद हो गया। लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Image

हिमाचल में मानसूनी बारिश का कहर! चंबा में फ्लैश फ्लड, पंगोला नाला उफान पर

Himachal Pradesh Rain: हिमाचल प्रदेश में मानसूनी बारिश लगातार कहर बरपा रही है। राज्य में मानसून आने के बाद से अब तक सामान्य से 63 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। लगातार जारी बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। चंबा के चुराह में पंगोला नाला उफान पर आने से चंबा-तीसा मुख्य मार्ग बंद हो गया। मौसम विभाग (IMD) ने अगले छह दिनों तक हिमाचल में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

चंबा में उफान पर पंगोला नाला, मुख्य मार्ग बंद

चंबा जिले में इन दिनों मूसलाधार बारिश देखने को मिल रही है। जिसके कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। भारी बारिश से चुराह क्षेत्र में पंगोला नाला उफान पर आ गया, जिससे अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) के कारण चंबा-तीसा मुख्य मार्ग बंद हो गया। सड़क बंद होने की वजह से दोनों दिशा से वाहनों की आवाजाही रुक गई। जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आज और कल भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के लिए अगले 48 घंटे बेहद अहम हैं। सोमवार को ऊना, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। जिसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि चंबा, मंडी और शिमला में येलो अलर्ट है। 7 जुलाई को कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि 11 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं 8 और 9 जुलाई को कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है।

नदी-नालों और भूस्खलन वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह

राज्य में जारी लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में जाने से बचें। लोगों को खराब मौसम के दौरान बेवजह यात्रा न करने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

बारिश और संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल तैयार रखे गए हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और सतर्क रहने की अपील की है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article