Hathras stampede: उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए हादसे के बाद से नारायण साकार हरि उर्फ 'भोले बाबा' उर्फ सूरज पाल गायब हैं। कई दिन बाद एक वीडियो जारी करके उन्होंने स्वयं को निर्दोष बताया था और हादसे पर दुख जताया था। यही नहीं उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने भीड़ के बीच जाकर भगदड़ फैलाई। इतने दिनों से लगातार गायब 'भोले बाबा' के आज यानी बुधवार 17 जुलाई को उत्तर प्रदेश में पटियाली के पास बहादुर नगर पहुंचने की खबर है।
उनके वकील एपी सिंह ने इस संबंध में मीडिया को जानकारी दी। एपी सिंह ने कहा कि बहादुर नगर बाबा की जन्मस्थली है। उन्होंने कहा, यहां आज बाबा के कई भक्तों के साथ मैं भी आया हूं। उन्होंने बताया कि नारायण साकार हरि यहां आ चुके हैं और अब यहीं प्रवास पर हैं। ज्ञात हो कि 2 जुलाई को हुई इस भगदड़ में 123 लोगों की मृत्यु हो गई थी।
एपी सिंह ने बताया कि इससे पहले नारायण साकार हरि 2023 में एक दिन के लिए यहां आए थे। उन्होंने अपनी पेंशन के पैसे से जो कुछ भी यहां बनाया था, उसे सौंपकर गए थे। इससे पहले वह 2013 में अपने जन्मस्थान आए थे। एपी सिंह ने बताया कि वह यहां प्रवास के दौरान स्वास्थ्य लाभ लेंगे।
बता दें कि मंगलवार 16 जुलाई को पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमें में तीन धाराएं और बढ़ा दी गई हैं। इस मामले में अब 29 जुलाई 2024 को सुनवाई होगी।
दरअसल सिकंदराराऊ के फुलरई गांव में दो जुलाई को 'भोले बाबा' का मंगल मिलन सद्भावना समागम आयोजित हुआ था। 150 बीघा खेत में आयोजित इस सत्संग में लाखों लोग पहुंचे थे। इसी दौरान भगदड़ में 123 लोगों की जान चली गई थी।
इस मामले में मुख्य सेवादार देव प्रकाश मधुकर व अन्य के खिलाफ IPC की धारा 105, 110, 126 (2), 223, 238 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसमें आरोप है कि 80 हजार लोगों की अनुमति ली गई थी, जबकि वहां 2 लाख से ज्यादा लोग आए थे। चरण रज लेने और दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ को सेवादारों द्वारा रोकने में हुई धक्का-मुक्की के कारण भगदड़ मचने का आरोप है। यही नहीं सेवादार पर हादसे से जुड़े सुबूत छिपाने का भी आरोप है।
