शहर

KMP एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: जालौन के 2 दरोगा समेत 5 पुलिसकर्मियों की मौत, दबिश देने गए थे नूंह

Haryana Road Accident: हरियाणा के केएमपी एक्सप्रेस-वे (KMP Expressway) धुलावट टोल प्लाजा के पास एक सड़क हादसे में जालौन में तैनात पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। इसमें दो दरोगा भी शामिल हैं।

Image

जालौन के 2 दरोगा सहित 5 पुलिस कर्मियों की सड़क हादसे में मौत

Haryana Road Accident: हरियाणा के कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में यूपी के जालौन में तैनात पांच पुलिसकर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो दरोगा, दो सिपाही और एक चालक शामिल हैं।

कहां हुआ हादसा?

यह हादसा धुलावट टोल प्लाजा के पास करीब सुबह 10 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांचों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान दरोगा मोहित यादव, दरोगा सत्यभान, कॉन्स्टेबल अशोक कुमार और सर्विलांस टीम में तैनात सिपाही प्रदीप कुमार के रूप में हुई है, जबकि चालक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान लौट रहे थे।

अपहरण मामले में दबिश देने गए थे नूंह

जानकारी के मुताबिक, सभी पुलिसकर्मी उरई कोतवाली क्षेत्र में तैनात थे और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम के साथ नूंह जिले में एक अपहरण मामले में दबिश देने गए थे। कार्रवाई पूरी कर लौटते समय यह हादसा हो गया, जिससे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो कार पलवल की ओर से आ रही थी। इसी दौरान चालक ने सामने चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन असंतुलित हो गया और जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

पुलिस महकमे में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही जालौन पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने अपने साथियों के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग के खतरों को उजागर करता है, जिसने पांच जिंदगियां पल भर में खत्म कर दीं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article