Bihar Bridge Collapse: बिहार के भागलपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां देर रात विक्रमशिला सेतु का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गंगा नदी में गिर गया। पिलर नंबर 133 के पास स्लैब धंसने से पुल के बीचों-बीच एक बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण लाइफलाइन पूरी तरह ठप्प हो गई है। गनीमत रही कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस की तत्परता से समय रहते वाहनों को रोक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
कैसे हुआ हादसा?
भागलपुर के जिलाधिकारी (DM) नवल किशोर चौधरी ने बताया कि यह घटना रात करीब 12:35 बजे हुई। पिलर नंबर 133 के पास एक स्लैब अचानक नीचे की ओर धंसने लगा। ड्यूटी पर तैनात स्थानीय अधिकारी और थाना प्रभारी (SHO) ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल दोनों ओर से ट्रैफिक रुकवाया और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों के हटने के महज 15 मिनट के भीतर ही स्लैब का वह हिस्सा टूटकर गंगा नदी में जा गिरा।
मौके पर हाई अलर्ट, पुल पूरी तरह सील
हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। विक्रमशिला सेतु को नवगछिया और भागलपुर दोनों तरफ से पूरी तरह सील कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। पुल पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
वैकल्पिक मार्ग की सलाह
रात के समय वैकल्पिक मार्ग शुरू करना संभव नहीं था, इसलिए प्रशासन ने यात्रियों को डायवर्जन की सलाह दी है। भागलपुर आने वाले यात्री फिलहाल मुंगेर के रास्ते आ सकते हैं। प्रशासन अन्य वैकल्पिक मार्गों और पुल की मरम्मत की संभावनाओं को तलाश रहा है। प्रशासन का कहना है कि उनकी प्राथमिकता जान-माल की सुरक्षा है और जब तक पुल की स्थिति का तकनीकी परीक्षण नहीं हो जाता, तब तक ट्रैफिक शुरू नहीं किया जाएगा। दोनों तरफ से ब्रिज सील है और फिलहाल ट्रैफिक रुका हुआ है।
