शहर

Rewari Blast: हरियाणा के रेवाड़ी में जोरदार ब्लास्ट से घर के उड़े परखच्चे, 5 की हालत नाजुक; जांच में जुटी फोरेंसिक टीम

हरियाणा के रेवाड़ी के हंस नगर में सेना के एक रिटायर्ड सूबेदार के घर में जोरदार धमाका हुआ है। ब्लास्ट इतना भीषण था कि पड़ोसियों को भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ। हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

Image

रेवाड़ी के हंस नगर में एक मकान में धमाका

Photo : ANI

Rewari Blast News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले के हंस नगर इलाके से एक बेहद हैरान और डरा देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां भारतीय सेना के एक रिटायर्ड सूबेदार के घर में एक जबरदस्त और भीषण धमाका हुआ है। इस हादसे की वजह से घर के भीतर मौजूद पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आस-पास के घरों की दीवारें तक हिल गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं।

इलाके के एक निवासी ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए बताया कि "बहुत जबरदस्त धमाका हुआ था। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। धमाके की वजह का पता फोरेंसिक टीम की जांच के बाद चलेगा। घर के अंदर हालात गंभीर हैं। आस-पास के लोगों ने कहा कि उन्हें भूकंप जैसा महसूस हुआ। वहां पांच लोग थे।"

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा हंस नगर निवासी सेवानिवृत्त सैन्य कर्मी सतबीर चौहान के घर में हुआ। उनकी 23 वर्षीय बेटी तनु रविवार शाम कपड़ों पर इस्त्री कर रही थी, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ।

उस समय घर में सतबीर चौहान, उनकी पत्नी मधु, बेटी तनु, एक रिश्तेदार की तीन वर्षीय बेटी खुशी तथा पड़ोसी जवान जय भगवान मौजूद थे जो एक सीआरपीएफ कर्मी हैं।

पुलिस के अनुसार, तनु गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि खुशी, सतबीर चौहान, जय भगवान भी घायल हो गए। सभी घायलों को पहले प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। बाद में उनकी चोटों की गंभीरता को देखते हुए रेफर कर दिया गया।

तनु को पीजीआई रोहतक, सतबीर चौहान को गुरुग्राम और जय भगवान को दिल्ली स्थित आर्मी अस्पताल ले जाया गया, जबकि मधु और खुशी का मामूली चोटों के लिए इलाज किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, क्षेत्र को सुरक्षित किया और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को जांच के लिए बुलाया।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से सबूत इकट्ठ किए गए हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article