शहर

Haryana Police Transfer: हरियाणा पुलिस में बड़ा फेरबदल, 29 IPS समेत 30 अधिकारियों के तबादले; जानें आपके जिले का नया पुलिस मुखिया कौन?

Haryana Police Transfer: हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। सरकार ने 29 आईपीएस (IPS) और 1 एचपीएस (HPS) अधिकारी का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया है।

Image

गुरुग्राम से लेकर करनाल तक बदले गए DCP और SP (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Haryana Police Transfer: हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए राज्य पुलिस महकमे (Haryana Police) में व्यापक फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी ताजा आदेश के मुताबिक, भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 29 अधिकारियों और हरियाणा पुलिस सेवा (एचपीएस) के 1 वरिष्ठ अधिकारी का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। इस फेरबदल का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करना तथा प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाना है।

जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमिताभ ढिल्लों को आधुनिकीकरण और कल्याण विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही वे आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ईआरएसएस) और यातायात एवं राजमार्ग के एडीजीपी का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वहीं, पुलिस मुख्यालय में प्रशासन के एडीजीपी विकास अरोड़ा को साइबर, दूरसंचार, आईटी और राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीआरबी) के निदेशक का अतिरिक्त जिम्मा दिया गया है।

सीबीआई में अपनी प्रतिनियुक्ति पूरी कर वापस लौटे 2006 बैच के आईपीएस अफसर अश्विन को करनाल रेंज का पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) नियुक्त किया गया है। उनके पास हरियाणा सशस्त्र पुलिस (एचएपी) मधुबन का भी अतिरिक्त प्रभार रहेगा। करनाल रेंज के पूर्व आईजीपी अशोक कुमार को पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी), सुनारिया की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा, राज्य अपराध शाखा के एसपी राजेश कुमार को गुरुग्राम में कम्युनिटी पुलिसिंग और स्क्रूटिनी एसपी का अतिरिक्त दायित्व मिला है।

तबादलों की इस सूची में पांच प्रमुख जिलों के पुलिस कप्तान भी बदल दिए गए हैं। करनाल के एसपी रहे नरेंद्र बिजारणिया को अब विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का एसपी बनाया गया है। उनकी जगह गुरुग्राम के डीसीपी (पश्चिम) करण गोयल को करनाल का नया एसपी नियुक्त किया गया है। पलवल के एसपी नीतीश अग्रवाल को डीसीपी अपराध (गुरुग्राम) बनाया गया है, जबकि सोनीपत की डीसीपी मेधा भूषण को पलवल का नया एसपी तैनात किया गया है।

अन्य प्रमुख बदलावों में झज्जर की डीसीपी दीप्ति गर्ग को पानीपत और बहादुरगढ़ के डीसीपी मयंक मिश्रा को भिवानी का एसपी बनाया गया है। एटीएस एसपी लोकेंद्र सिंह को सीआईडी और कमांडो (नेवल) का अतिरिक्त प्रभार मिला है। वहीं, एचपीएस अधिकारी पूजा डबला को क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, भोंडसी का एसपी नियुक्त किया गया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article