DSP Joginder Deshwal: हरियाणा पुलिस के उपाधीक्षक जोगिंदर देशवाल की जिम में एक्ससाइज करते समय उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुबह वह जिम में वर्कआउट कर रहे थे, इसी दौरान हार्ट फेल होने की वजह से वह जमीन पर गिर पड़े, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, इस खबर से पानीपत पुलिस प्रशासन समेत हरियाणा पुलिस में मातम का माहौल छाया हुआ है।
जिम में वर्कआउट करते समय आया हार्टअटैक
मिली जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के पानीपत जिले में गांव सिवाह स्थित जेल के DSP जोगिंद्र देशवाल रविवार की रात वह करनाल स्थित अपने घर पर थे। सुबह करीब 5 बजे वह जिम में वर्कआउट कर रहे थे। इसी दौरान वह जमीन पर गिर पड़े। हालांकि, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनको बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक आने की वजह से उनकी मौत हो गई।
DSP में कुछ नया सीखने की ललक रहती थी
हालांकि, जोगिंद्र देशवाल काफी समय जेल में वार्ड चेकिंग के दौरान बंदी निगरानी के डीएसपी रहे हैं। पिछले कुछ समय से वे जेल में बने तेल कोल्हू, दरी फैक्ट्री समेत अन्य कारखानों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं, DSP में हमेशा कुछ नया करने एवं सीखने की ललक रहती थी। इसी के चलते इस बार जेल में शुरू हुई फैक्ट्री में अच्छे तरीके से काम हो, बंदियों को भी कुछ नया सीखने को मिले, इसी के चलते उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई थी।
इस वजह से आए थे चर्चा में
बता दें DSP जोगिंद्र देशवाल उस समय चर्चा में आए, जब 8 जनवरी 2023 की सुबह जीटी रोड पर टोल टैक्स पर चेकिंग के दौरान उनके बेटे की गाड़ी को रोक लिया गया था। कागज मांगने पर उनके बेटे ने पिता का आईकार्ड दिखा दिया। यह देख हवलदार आशीष (बाद में नौकरी से डिसमिस किया जा चुका है) ने वीडियो बना कर DSP देशवाल को कॉल करके कहा था- साहब आप जहां जेलर हैं, क्या आपको पता है कि आप वहां कैदी भी बन सकते हैं।
