शहर

Sonipat: हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड के 2 वांटेड बदमाश गिरफ्तार; भागने के चक्कर में 15 फीट ऊंचे फ्लाईओवर से कूदा आरोपी

सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 पर हरियाणा एसटीएफ ने हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड में वांटेड चल रहे दो बदमाशों मनोज उर्फ फिल्मी और सचिन को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान एक बदमाश फ्लाईओवर से कूद गया।

Image

सोनीपत NH-44 पर हरियाणा STF का एक्शन

Sonipat News: नेशनल हाईवे-44 पर हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हिसार के टोल मैनेजर हत्याकांड में फरार चल रहे दो कुख्यात बदमाशों को दबोच लिया है। कार्रवाई के दौरान एक बदमाश पुलिस से बचने के लिए भिगान टोल फ्लाईओवर से करीब 15 फुट नीचे कूद गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि उसके दूसरे साथी को कार समेत मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।

रात 11:30 बजे जीटी रोड पर घेराबंदी

एसटीएफ सोनीपत की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हिसार में हुए बहुचर्चित टोल मैनेजर हत्याकांड के वांछित आरोपी जीटी रोड (NH-44) पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अजय धनखड़ के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम ने रात करीब साढ़े 11 बजे नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। संदिग्ध गाड़ी दिखाई देने पर एसटीएफ ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन गाड़ी में सवार दोनों बदमाशों ने तेजी से भागने का प्रयास किया।

फ्लाईओवर से कूदा 'फिल्मी', टूटा पैर

एसटीएफ को अपने बिल्कुल करीब देखकर गाड़ी में सवार बदमाश मनोज उर्फ फिल्मी घबरा गया और पुलिस से बचने के लिए गाड़ी से उतरकर भिगान टोल फ्लाईओवर से नीचे कूद गया। करीब 15 फुट नीचे गिरने के कारण उसके पैर में गंभीर चोट आई और वह भाग नहीं सका। एसटीएफ ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर सोनीपत के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। गाड़ी में मौजूद दूसरे आरोपी सचिन को एसटीएफ ने घेराबंदी कर कार समेत मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और बरामदगी

एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान मनोज उर्फ फिल्मी, निवासी गांव बहबलपुर, जिला हिसार और सचिन पुत्र नरेंद्र, निवासी गांव कबीरपुर, जिला सोनीपत के तौर पर हुई है। आरोपियों की तलाशी लेने पर एसटीएफ ने उनके पास से एक अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड में चल रहे थे वांटेड

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपी हिसार में टोल मैनेजर संजय शुक्ला की स्कॉर्पियो गाड़ी से कुचलकर निर्मम हत्या करने के मामले में काफी समय से वांटेड चल रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी जीटी रोड पर किसी नई बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन एसटीएफ की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया। एसटीएफ के अनुसार, मनोज उर्फ फिल्मी और सचिन का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उनके पूरे नेटवर्क और भावी योजनाओं को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article