शहर

Haryana News: चरखी दादरी बस स्टैंड से चोरों ने उड़ाई रोडवेज बस, CCTV में कैद हुई वारदात

हरियाणा के चरखी दादरी बस स्टैंड के अंदर से चोरों ने हरियाणा रोडवेज की पूरी बस उड़ा दी। वारदात सीसीटीवी (CCTV) में कैद हो गई है, जिसके बाद पुलिस और रोडवेज महकमे में हड़कंप मच गया है।

Image

बस स्टैंड पर नाइट स्टे के लिए खड़ी की थी रोडवेज बस

Haryana Bus Theft: हरियाणा में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे सरकारी संपत्तियों को भी निशाना बनाने लगे हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला चरखी दादरी से सामने आया है, जहां चोरों ने सीधे बस स्टैंड परिसर के अंदर से ही हरियाणा रोडवेज की एक पूरी बस पर हाथ साफ कर दिया। इस सुरक्षा चूक के बाद रोडवेज महकमे और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार चोरी हुई बस भिवानी डिपो के लोहारू सब डिपो की थी, जिसका नंबर HR55GV-3683 है। बस के चालक महेंद्र सिंह बीती देर शाम अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद बस को नाइट स्टे के लिए चरखी दादरी बस स्टैंड पर खड़ी करके गए थे। घटना का खुलासा आज सुबह तब हुआ जब बस के चालक महेंद्र सिंह अपनी निर्धारित ड्यूटी के लिए सुबह-सुबह बस स्टैंड पहुंचे। वहाँ बस को न पाकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रोडवेज अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी। बस स्टैंड जैसे सुरक्षित माने जाने वाले सार्वजनिक स्थान से सरकारी बस गायब होने की खबर फैलते ही विभाग में खलबली मच गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और रोडवेज विभाग ने तत्काल बस स्टैंड परिसर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। CCTV में रात 8:53 बजे चोरी की वारदात दिखी।

रोडवेज डिपो के स्टेशन सुपरवाइजर सतीश दुहन ने बताया कि जांच के दौरान जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, तो पता चला कि यह वारदात रात को करीब 8:53 बजे ही अंजाम दे दी गई थी। कोई अज्ञात व्यक्ति बस को बस अड्डे से लेकर बाहर निकला है। बस चालक महेंद्र सिंह द्वारा इस संबंध में बस अड्डा पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। वहीं रोडवेज विभाग द्वारा इस बड़ी लापरवाही और चोरी की घटना को लेकर विभागीय स्तर पर भी आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article