शहर

हापुड़ के देवनंदनी अस्पताल में एसी ब्लास्ट से लगी भीषण आग, पूरे परिसर में फैला धुआं, 3 नवजात शिशुओं समेत सभी मरीज सुरक्षित निकाले गए

Hapur AC Blast Hospital Fire Rescue: हापुड़ के देवनंदनी अस्पताल में एसी में शॉर्ट सर्किट से ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग। दमकल कर्मियों और पुलिस ने एनआईसीयू के 3 नवजात शिशुओं समेत सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला।

Image

हापुड़ के देवनंदनी अस्पताल में एसी ब्लास्ट से लगी भीषण आग, पूरे परिसर में फैला धुआं, 3 नवजात शिशुओं समेत सभी मरीज सुरक्षित निकाले गए (प्रतीकात्मक फोटो-istock)

Hapur Devnandani Hospital Fire: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गढ़ रोड स्थित 'देवनंदनी अस्पताल' में देर रात उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब अस्पताल की पहली मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का मुख्य कारण कमरा नंबर 12 में लगे एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट के बाद हुआ जोरदार धमाका बताया जा रहा है।

धमाके के तुरंत बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे अस्पताल परिसर में दमघोंटू काला धुआं फैल गया, जिससे मरीजों व उनके तीमारदारों में भारी अफरातफरी मच गई।

तीन थानों की पुलिस और दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही हापुड़ पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग को देर रात लगभग 12:50 बजे इस अग्निकांड की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दो-तीन थानों की पुलिस फोर्स और फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घने धुएं के बीच अस्पताल कर्मचारियों और पुलिस बल ने मिलकर वार्डों में फंसे मरीजों को तुरंत इमरजेंसी वार्ड और सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया। सबसे राहत की बात यह रही कि एनआईसीयू (NICU) में भर्ती तीन नवजात बच्चों को दमकल कर्मियों ने बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड के जवानों ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

हापुड़ के एसपी ज्ञानंजय सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल के एक कमरे में बने एसी में ब्लास्ट होने से आग फैली थी। समय रहते दमकल और पुलिस की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू कर सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है और इस हादसे में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।

हापुड़ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अजय कुमार शर्मा ने बताया कि आग के कारण कमरे में रखा फर्नीचर, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं। अग्निकांड पर काबू पाने के बाद अब जिला प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम अस्पताल में मौजूद फायर सेफ्टी मानकों और उपकरणों की गहन जांच-पड़ताल में जुट गई है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें