शहर

Video: हाजीपुर कोर्ट में फिल्मी ड्रामा, जेल के डर से पहली मंजिल से कूदा आरोपी, फिर तालाब कूदकर पुलिस को घंटों छकाया

बिहार के वैशाली जिले का हाजीपुर कोर्ट परिसर फिल्मी अखाड़ा बन गया। जेल जाने के खौफ ने एक आरोपी को इस कदर डरा दिया कि उसने न आव देखा न ताव और भरी अदालत के बीच पहली मंजिल से छलांग लगा दी। इसके बाद पुलिस को उसे रेस्क्यू करके फिर हिरासत में लेने में पसीने छूट गए।

Vaishali News: वैशाली के हाजीपुर न्यायालय में सोमवार को एक अजीबोगरीब वाकया पेश आया। अपहरण के एक मामले में पेशी के लिए लाए गए आरोपी ने पुलिसिया सुरक्षा को धता बताते हुए कोर्ट की पहली मंजिल से छलांग लगा दी। आरोपी यहीं नहीं रुका, वह भागते हुए कोर्ट परिसर के पीछे बने एक गहरे तालाब में जा कूदा और घंटों तक पुलिस और प्रशासन की नाक में दम कर दिया।

जेल जाने के नाम से ही उड़ गए होश

मामला देसरी थाना क्षेत्र का है, जहां अपहरण के आरोपी पवन कुमार को पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश करने लाई थी। चश्मदीदों के मुताबिक, जैसे ही पवन को यह अहसास हुआ कि अदालत उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दे सकती है, वह घबरा गया। डर इस कदर हावी हुआ कि उसने सुरक्षाकर्मियों को चकमा दिया और देखते ही देखते पहली मंजिल की रेलिंग से नीचे कूद गया। नीचे गिरते ही आरोपी उठा और बिना रुके पीछे के तालाब की ओर भागा। तालाब के पानी और घनी झाड़ियों के बीच छिपकर उसने एक नई मुसीबत खड़ी कर दी। उसने वहां पड़ी एक कांच की टूटी बोतल अपने गले पर रख ली और धमकी देने लगा कि अगर कोई करीब आया तो वह खुद की जान ले लेगा। इस नजारे को देख कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

डंडे के सहारे हुआ रेस्क्यू

पुलिस के लिए चुनौती दोहरी थी, उसे आरोपी को बचाना भी था और पकड़ना भी। घंटों चले इस ड्रामे के बाद पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाई। एक लंबे डंडे की मदद से आरोपी काफी मशक्कत के बाद पानी से सुरक्षित बाहर निकाला गया और दोबारा हिरासत में लिया गया। अब इस घटना को कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के तौर पर देखा जा रहा है। सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस की मौजूदगी में एक आरोपी पहली मंजिल से कूदकर भागने में कैसे सफल हुआ? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कोर्ट प्रशासन सुरक्षा में हुई इस बड़ी चूक का जवाब तलाश रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article