शहर

'ज्ञान बिंदु' के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत; खान सर कोचिंग प्रकरण से जुड़ा था नाम

बिहार के प्रसिद्ध ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वह खान कोचिंग प्रकरण में फरार चल रहा था।

Image

प्रिंस की फाइल फोटो

पड़ोसी देश नेपाल से इस वक्त एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। बिहार के पटना के चर्चित कोचिंग संस्थान 'ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी' के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई है। होटल के कमरे में प्रिंस यादव का शव मिलने के बाद से ही हड़कंप मच गया है। शुरुआती जानकारियों के मुताबिक, मृतक प्रिंस यादव पिछले कुछ समय से चर्चित 'खान कोचिंग प्रकरण' में नाम सामने आने के बाद से फरार चल रहा था और नेपाल में छिपा था।

साथ मौजूद दोस्त हिरासत में, पूछताछ जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नेपाल पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के वक्त होटल में प्रिंस यादव के साथ मौजूद सभी युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस इन सभी दोस्तों और करीबियों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके और यह पता लगाया जा सके कि मौत से ठीक पहले कमरे में क्या हुआ था। रौशन आनंद के परिवार के लोगों को नेपाल बुलाया गया है, प्रिंस के साथ पांच लोग थे जिनमें तीन नेपाली और दो इंडियन थे। बता दें कि जो दो भारतीय साथ थे वे प्रिंस के रिश्तेदार ही हैं जो यहां विराटनगर में ही रहते थे, इससे पहले भी प्रिंस का यहां आना जाना रहा है।

मौत की वजहों पर सस्पेंस, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

प्रिंस यादव की मौत किन हालातों में हुई और इसके पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। नेपाल पुलिस पूरे मामले की बेहद गहनता और हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। रौशन आनंद के परिवार के लोगों को नेपाल बुलाया गया है। विराटनगर के न्यूरो हॉस्पिटल में प्रिंस को लाया गया था। अब पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है, ऐसी आशंका जताई जा रही है कि नशे के ओवरडोज के कारण मौत हुई है। नेपाल पुलिस उनके साथ मौजूद पांच लोगों से पूछताछ कर रही है। मौत के पीछे का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article