Gurugram WFH News: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को मानसून की पहली तेज बारिश हुई, जिसने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। मौसम का सबसे ज्यादा असर गुरुग्राम में देखने को मिला, जहां बारिश के बाद कई सड़कें जलमग्न हो गईं। जिससे दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर देर रात तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। हालात को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने निजी कंपनियों और कॉरपोरेट ऑफिस से कर्मचारियों को अगले कुछ दिनों तक 'वर्क फ्रॉम होम' (WFH) की सुविधा देने की अपील की है।
गुरुग्राम पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
गुरुग्राम पुलिस ने रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि लगातार हो रही बरसात और अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए शहर में जलभराव और गंभीर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। पुलिस ने कहा कि लोगों की सुरक्षा और सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए कॉरपोरेट कंपनियां और निजी संस्थान अपने कर्मचारियों को घर से काम (Work From Home) करने की अनुमति दें।
वर्क फ्रॉम होम से ट्रैफिक कम करने की कोशिश
पुलिस का मानना है कि अगर बड़ी संख्या में कर्मचारी अपने घर से काम करेंगे तो सड़कों पर गाड़ियों की संख्या कम होगी। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी। साथ ही आपातकालीन सेवाओं को भी आने-जाने में आसानी होगी।
बारिश से गुरुग्राम की सड़कें जलमग्न
बारिश शुरू होते ही हर बार की तरह इस बार भी गुरुग्राम में जलभराव की समस्या देखने को मिली। मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं। कई जगहों पर वाहन पानी में फंसने की भी सूचना मिली। वहीं एक स्थान सड़क धंसने की भी घटना सामने आई, जिससे यातायात और अधिक प्रभावित हुआ।
गुरुग्राम में आज भी बिगड़ा रहेगा मौसम
अचानक हुई तेज बारिश के कारण दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम को जोड़ने वाले कई प्रमुख रास्तों पर लंबा जाम लग गया। दिल्ली में कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे लोगों को परेशानी हुई। मौसम विभाग ने आज भी गुरुग्राम में हल्की से मध्यम बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में भी शहर में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से मौसम की जानकारी देखकर ही यात्रा करने और बेवजह से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। वहीं गुरुग्राम पुलिस ने कंपनियों से सहयोग की उम्मीद जताई है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
गुरुग्राम में रूट डायवर्जन लागू
मंगलवार को हुई तेज बारिश के कारण दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) नरसिंहपुर के पास मुख्य सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इसके चलते दिल्ली से जयपुर जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक प्रभावित हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने 7 जुलाई को ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की। जिसके अनुसार इन जगहों पर रूट डायवर्जन लागू किया है।
- वाहन चालक राजीव चौक और हीरो होंडा चौक से एसपीआर (SPR) रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- दिल्ली से आने वाले वाहन द्वारका एक्सप्रेसवे के जरिए भी अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
