Gurugram News: दिल्ली से सटे गुरुग्राम में दो गुटों के बीच झड़प हो गई। झड़प इतनी बढ़ गई कि दोनों गुटों के लोग एक-दूसरे को मारने पर उतारू हो गए और बंदूकें और तलवार निकल आई। इतने से बात नहीं बनी तो कार से कुचलने की कोशिश की गई। पास में लगे सीसीटीवी में ये घटना कैद हो गई।
दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प
वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के बीच जमकर झड़प हो रही है। दोनों के बीच पत्थरबाजी हुई और हाथों में तलवार लेकर एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं। इसके अलावा दोनों गुटों के लोग कार से एक-दूसरे को कुचलने की कोशिश करते नजर आए। इसी बीच, एक युवक के हाथ में बंदूक दिख रही है, जो फायरिंग कर देता है।
पुलिस ने मामला दर्ज किया
बताया जा रहा है कि दोनों गुटों के बीच कहासुनी के बाद गाली-गलौज हुई। इसके बाद फिर मामला झड़प तक पहुंच गया और बंदूकें व तलवार निकल आई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना 19 अप्रैल की है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही बताया जा रहा है कि दोनों गुटों के लोग जल आपूर्ति के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं।
जेएनयू में हुई थी ऐसी घटना
बता दें कि इससे पहले, दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में इस तरह की घटना सामने आ चुकी है। जेएनयू परिसर में छात्रों के दो समूहों के बीच तनाव के बाद झड़प हो गई थी, जिसमें कम से कम तीन छात्र घायल हो गए। बताया गया कि उस दिन परिसर में रात भर झड़प हुई थी।
