Gurugram News: गुरुग्राम में एक मॉल में रविवार को शराब के नशे में गोलीबारी की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान एक हमलावर ने 26-वर्षीय युवक को गोली मार दी।
पीड़ित अस्पताल में भर्ती
पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के सूरतगढ़ के रहने वाले पीड़ित व्यक्ति की पहचान मोहित के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि इस घटना में मोहित की जांघ में गोली लगी है और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा कि भागने में सफल रहे आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मोहित कुछ दिन पहले अपने भाई से मिलने दिल्ली आया था।
बहस के बाद गोलीबारी
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार सुबह करीब छह बजे एमजी रोड पर डीटी सिटी सेंटर मॉल में हुई। मोहित दो दोस्तों के साथ शनिवार देर रात मॉल के एक क्लब में गया। क्लब के गेट पर नशे में उसकी एक आदमी से बहस हो गई। बहस बढ़ने पर आरोपी ने मोहित पर गोली चला दी, जिससे उसकी जांघ में गोली लग गई।
पुलिस ने मामला किया दर्ज
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस उप-निरीक्षक सरजीत सिंह ने कहा कि मोहित के बयान के आधार पर, रविवार को सेक्टर-29 पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
