गुरुग्राम

द्वारका एक्सप्रेसवे पर हीरोपंती पड़ी महंगी; खतरनाक स्टंट करने वालों पर पुलिस का एक्शन, 4 गिरफ्तार

द्वारका एक्सप्रेसवे पर खतरनाक स्टंट करते हुए वायरल वीडियो के बाद गुरुग्राम पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। ये युवक स्कॉर्पियो और मर्सिडीज कार से तेज रफ्तार में स्टंट कर रहे थे, जिससे सड़क पर राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई। पुलिस ने केस दर्ज कर गाड़ियों को जब्त किया और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Image

द्वारका एक्सप्रेसवे पर स्टंट करने वाले 4 युवक गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

द्वारका एक्सप्रेसवे पर खतरनाक स्टंट करते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद गुरुग्राम पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। ये युवक देर रात तक हरियाणवी गाने बजाते हुए सड़क पर स्कॉर्पियो और मर्सिडीज कार से स्टंट कर रहे थे। वीडियो में देखा गया कि एक युवक स्कॉर्पियो का दरवाजा पैर से खोलकर गाड़ी चला रहा था।

वहीं दूसरे दो युवक मर्सिडीज की छत पर बैठकर "टोल तोड़ ते हांडे थे" गाने पर डांस कर रहे थे। स्टंट के दौरान इन युवकों ने कई किलोमीटर तक सड़कों पर तेज रफ्तार में गाड़ियां दौड़ाईं, जिससे न सिर्फ उन्होंने अपनी बल्कि अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में डाली। पुलिस ने वीडियो वायरल होते ही कार्रवाई करते हुए बजघेड़ा थाना क्षेत्र में केस दर्ज किया और पुष्पेंद्र, रोहित, तरुण और चेतन नाम के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

उनके कब्जे से स्टंट में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और मर्सिडीज गाड़ियां भी जब्त कर ली गईं। गिरफ्तार युवकों में से तीन डी फार्मा के अंतिम वर्ष के छात्र हैं, जबकि एक युवक 12वीं पास है। पुलिस ने पूछताछ के दौरान उनका एक माफीनामा वीडियो भी रिकॉर्ड किया है, जिसमें आरोपी साफ-साफ कहते नजर आ रहे हैं कि हमने स्टंट करते हुए वीडियो बनाई है और यह हमसे बहुत बड़ी गलती हो गई। कोई भी गाड़ी चालक ऐसी गलती ना करें।

गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने इस घटना के बाद से नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़कों पर जानलेवा स्टंट करने से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में अब सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चारों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article