Gurugram News: गुरुग्राम में बीते दिनों लूट और ठगी के शिकार हुए ईरानी नागरिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक गुरुग्राम के एक नामी अस्पताल में हृदय रोग का इलाज कराने आया था। मृतक की पहचान ईरान के रहने वाले 62 वर्षीय फारिस मुस्लिम अब्बास के तौर पर हुई है। बीते 23 अक्टूबर को दो शातिर ठगों ने नकली पुलिसकर्मी बनकर मृतक से 15 हजार डॉलर की ठगी कर ली थी। घटना के बाद इन ठगों का पीछा करते हुए अब्बास गिर गए थे। जिससे उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद से ही उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था और वीरवार को उनकी मौत हो गई।
ठगी के इस मामले में सदर थाना में मामला दर्ज है। गुरुग्राम पुलिस इन आरोपितों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में परिजनों द्वारा सिर्फ ठगी का मामला दर्ज कराया गया है। आरोपियों का पीछा करने के दौरान गिरने से तबीयत खराब होने से मौत की शिकायत नहीं की गई है। पुलिस के अनुसार, मृतक अब्बास अपनी पत्नी के साथ यहां इलाज कराने के लिए 21 अक्टूबर को पहुंचे थे। वे सेक्टर-38 इलाके में स्थित एक होटल में रह रहे थे।
जांच के बहाने बैग से निकाल लिए पैसे
जानकारी अनुसार, अब्बास 23 अक्टूबर की दोपहर को पास के बाजार में घूमने के लिए निकले थे। इस दौरान रास्ते में उन्हें कार सवार दो युवकों ने रोक लिया और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए अब्बास से उनका पासपोर्ट व वीजा मांगने के साथ उनकी बैग की तलाशी लेनी शुरू कर दी। दोनों आरोपियों ने अब्बास को अपनी बातों में उलझाकर उनके बैग से 15 हजार डॉलर निकाल लिए। जब दोनों जाने लगे तो अब्बास को ठगी का अहसास हुआ और वे कार के पीछे दौड़ लगाने लगे, इस दौरान वे गिर गए। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वेदप्रकाश ने बताया कि, पूरे मामले की जांच कर आरोपितों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
