गुरुग्राम

Gurugram: बदमाश ने एचआर हेड को धमकी देकर मांगी रंगदारी, बोला- आपको जान से नहीं मारेंगे, बस यह काम कर दो

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 11, 2022, 01:30 PM IST

Gurugram: गुरुग्राम की एक कंपनी के एचआर हेड को जान से मारने की धमकी देकर 26 लाख रुपये रंगदारी मांगने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में पता चला है कि, आरोपित भी इस कंपनी का कर्मचारी है। आरोपित की मां कैंसर पीड़ित हैं और परिवार पर सात लाख रुपये का कर्ज है। इससे छुटकारा पाने के लिए आरोपी ने रंगदारी मांगने का प्‍लान बनाया।

Image

जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • आरोपित और शिकायतकर्ता एक ही कंपनी में कार्यरत
  • वेब सीरीज देखकर आरोपित ने बनाया रंगदारी मांगने का प्‍लान
  • आरोपित ने पहले मांगे थे 26 लाख रुपये, फिर बोल कि 12 लाख दे दो

Gurugram: साइबर सिटी गुरुग्राम में एक कंपनी के एचआर हेड को जान से मारने की धमकी देकर 26 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद पीड़ित द्वारा तत्‍काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसके बाद पुलिस की कई टीमों को जांच के लिए लगाया गया। जांच करते हुए क्राइम ब्रांच की सेक्टर-17 टीम ने धमकी देने वाले आरोपित की पहचान की और उसे शनिवार रात को उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान कासन गांव के रहने वाले पंकज के तौर पर हुई है। पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपित ने एचआर मैनेजर को बीते चार दिसंबर को फोन कर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपियों ने एचआर को धमकाते हुए कहा था कि, उसे जान से मारने के लिए किसी ने 26 लाख रुपये की सुपारी दी है, अगर बचना है तो इतने रुपये दे दो। बाद में आरोपी ने दोबारा फोन कर बोला कि, अगर तू बचना चाहता है तो 12 लाख रुपये तुरंत दे दे, नहीं तो तुझे मारने के अलावा तेरी बेटी का भी अपहरण कर लूंगा। इस दौरान आरोपी ने अपना नाम इमरान बताया था। इस धमकी से डरे एचआर हेड ने तत्‍काल इसकी जानकारी पुलिस को दी।

मां कैंसर से पीड़ित, परिवार कर्ज में डूबा, वेब सीरीज देख चुन लिया गलत रास्‍ता

सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम) प्रीतपाल ने बताया कि, जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की सेक्टर-17 टीम ने आरोपित को गिरफ्तार किया। अभी तक की जांच में पता चला है कि, आरोपी की मां कैंसर से पीड़ित है। इलाज के लिए परिवार ने लोगों से सात लाख रुपये का कर्ज ले रखा है। मां के इलाज और इस कर्ज को उतारने के लिए आरोपी ने यह गलत रास्‍ता चुना। पुलिस ने बताया कि, पूछताछ में पता चला है कि, आरोपित ने हाल ही में एक वेब सीरीज देखी थी, जिसके बाद उसने रंगदारी मांगने का प्लान बनाया। सबसे बड़ी बात यह कि, शिकायतकर्ता जिस कंपनी में एचआर हेड है, उसी कंपनी में आरोपित भी कर्मचारी है। आरोपित ने धमकी देने के लिए अपनी कंपनी में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी का मोबाइल चोरी किया था। पुलिस ने बताया कि, आरोपित से पूछताछ कर वारदात में प्रयोग मोबाइल को बरामद करने की कोशिश की जा रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article