Gurugram Crime News: गुरुग्राम में बदमाशों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। केएमपी एक्सप्रेसवे पर बदमाशों ने पुलिस टीम को आम नागरिक समझकर बंदूक के बल पर लूटने की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को पीछा करने के बाद पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से एक देशी तमंचा, एक कारतूस, एक लोहे की रॉड और एक डंडा बरामद किया गया।
पुलिस गश्ती दल को बदमाशों ने घेरा
यह घटना सोमवार रात को उस समय हुई जब कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर धुलावट टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे तीन युवकों ने पुलिस गश्ती दल को घेर लिया। जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया, "आरोपियों ने हथियार लहराते हुए पुलिस वाहन को रोका। उनमें से एक ने चालक की गर्दन पर तमंचा लगा दिया और कहा, ‘तुम्हारे पास जो कुछ भी है, निकालो’। जब चालक ने कार की लाइट जलाई, तो तीनों ने भागने की कोशिश की, क्योंकि उन्हें एहसास हो गया था कि वे पुलिस हैं, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया।"
तीनों आरोपियों के हैं आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों की पहचान शाहिद उर्फ पोला, इमरान और आमिर के रूप में हुई है। ये सभी नूंह जिले के धुलावत गांव के रहने वाले हैं। जांच में खुलासा हुआ की तीनों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सदर तौरू पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
(इनपुट - भाषा)
