गुरुग्राम

गुरुग्राम में बनेगी देश की सबसे बड़ी जंगल सफारी, वनतारा की तर्ज पर होगा विकास

दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम और नूंह जिलों में एशिया की सबसे बड़ी जंगल सफारी बनाने की योजना बनाई जा रही है। यह परियोजना अरावली की पहाड़ियों में वन्यजीव संरक्षण व पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देगी। वनतारा जामनगर जैसी तकनीक व मॉडल पर आधारित यह सफारी 3000 एकड़ में विकसित होगी, जिससे पर्यटन और प्रकृति प्रेम को नया आयाम मिलेगा।

Image

गुरुग्राम में बनेगी एशिया की सबसे बड़ी जंगल सफारी

दिल्ली के पास एक जंगल सफारी बनाने की तैयारी है। यह जंगल सफारी NCR क्षेत्र में मौजूद हरियाणा के गुरुग्राम और नूंह जिलों में बनाई जाएगी। यहां पर मौजूद अरावली की पहाड़ियों में एशिया की सबसे बड़ी जंगल सफारी बनाने की योजना है। इस जंगल सफारी को गुजरात के जामनगर स्थित मशहूर वनतारा जंगल सफारी और पूनर्वास केंद्र की तर्ज पर बनाया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ ही CM नायब सैनी व राज्य में वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने हाल ही में वनदारा का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने वनतारा की तकनीकों, संसाधनों और प्रबंधन प्रणालियों के बारे में जानकारी हासिल की।

जामनगर स्थित वनतारा जंगल सफारी का दौरान करने के बाद केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने इस केंद्र की जमकर तारीफ की और इसे एक मिसाल बताया। बता दें कि वनतारा को देश के मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी चलाते हैं। इस दौरान मनोहर लाल ने कहा कि हम गुरुग्राम में भी ऐसा ही कुछ बनाना चाहते हैं। बता दें कि यहां पर 3 हजार एकड़ में जंगल सफारी बनाने की योजना है।

मनोहर लाल खट्टर ने कहा, 'दिल्ली के पास होने की वजह से गुरुग्राम में इस तरह की जंगल सफारी न सिर्फ पर्यटकों को आकर्षित करेगी, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण व वन्य जीवों के प्रति जागरुकता बढ़ाने कें भी अहम भूमिका निभाएगी।'

उनके वनतारा दौरे का मकसद यह समझना था कि गुरुग्राम में जंगल सफारी बनाने के लिए किन-किन संसाधनों, तकनीकों और प्रबंधन प्रणालियों की जरूरत होगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जानकारी दी कि उनकी योजना गुरुग्राम में प्रस्तावित जंगल सफारी को एशिया में सबसे बड़ी जंगल सफारी बनाने की है।

वन मंत्री राव नरवीर सिंह का कहना है कि प्रस्तावित जंगल सफारी अरावली पहाड़ियों के पास विकसित करने की योजना है। यहां पर पहले से ही कई वन्यजीव मौजूद हैं, जिनमें तेंदुआ, सियार, नीलगाय और कई प्रकार की पक्षी प्रजातियां शामिल हैं। यहां पर जंगल सफारी के निर्माण से इन प्रजातियों के संरक्षण के साथ ही पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ लेने का भी मौका मिलेगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article