शहर

Gurugram: तेज रफ्तार कार की टक्कर से ग्राफिक डिजाइनर गंभीर रूप से घायल, कुचलने के बाद तड़पता छोड़ भागे सवार

Gurugram: गुरुग्राम के सेक्टर-75 में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े नोएडा के ग्राफिक डिजाइनर और उसके साथी को बेरहमी से कुचल दिया। पुलिस कार सवारों की तलाश कर रही है।

Image

टेम्परेरी नंबर की कार ने दो को उड़ाया (सांकेतिक चित्र | iStock)

Photo : iStock

Gurugram: हरियाणा के गुरुग्राम से 'हिट एंड रन' का एक बेहद ही खौफनाक मामला सामने आया है। यहां के सेक्टर-75 इलाके में एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक कई फीट हवा में उछलकर दूर जा गिरा। घटना के बाद आरोपी कार चालक और उसके साथी घायल को तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गए।

CCTV कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर

इस पूरी दर्दनाक घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि मूल रूप से नोएडा के रहने वाले ग्राफिक डिजाइनर शंकर सिंह अपने एक दोस्त के इंतजार में सड़क किनारे खड़े थे। उनके साथ एक अन्य युवक भी वहां मौजूद था। इसी दौरान सामने से आ रही एक टेम्परेरी नंबर की कार ने दोनों युवकों को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शंकर सिंह हवा में कई फीट ऊपर उछले और सड़क पर दूर जाकर गिरे। हादसे के ठीक बाद कार में सवार तीनों युवक कुछ देर के लिए नीचे उतरे। उन्होंने घायल युवकों की मदद करने के बजाय आसपास देखा और फिर अपनी गाड़ी में बैठकर मौके से तेजी से रफूचक्कर हो गए।

आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाई और दोनों घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। ग्राफिक डिजाइनर शंकर सिंह की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, उन्हें ICU में शिफ्ट कर इलाज किया जा रहा है। वहीं, दूसरे युवक को प्राथमिक उपचार और मरहम-पट्टी के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की कई टीमें

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। ACP क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची थी। पुलिस ने मौके का मुआयना किया है और वहां मौजूद चश्मदीदों के बयान दर्ज कर लिए हैं। कार सवार तीनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आसपास के रास्तों और चौराहों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article