Jaipur Murder News: राजस्थान के जयपुर के करधनी इलाके में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी राहुल झा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने उसे सीकर जिले के रींगस से पकड़ा है। पुलिस ने उसकी सूचना देने वाले के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। डीसीपी (पश्चिम) प्रशांत किरण ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी का पत्नी और बड़ी बेटी से मनमुटाव के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि करधनी इलाके के गोविंद वाटिका स्थित घर से शुक्रवार सुबह गीता झा (40), उनकी बेटियों नंदिनी (22), राधिका (17) और गौरी (14) के शव मिले थे। घटना के बाद से गीता का पति राहुल झा घर से फरार चल रहा था। उसका मोबाइल फोन भी घर पर बंद पाया गया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि राहुल का अपनी पत्नी और बड़ी बेटी नंदिनी से कुछ मुद्दों पर मनमुटाव चल रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि उसे लगता था कि उसकी पत्नी बड़ी बेटी को सही रास्ता नहीं दिखा रही है और इसका बुरा प्रभाव छोटी बेटियों पर भी पड़ रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात बड़ी बेटी ने राहुल के बताए एक काम को नहीं किया था। इससे वह काफी तनाव में आ गया और उसने यह खौफनाक कदम उठाने की ठान ली। जांच में सामने आया कि राहुल ने निर्माणाधीन साइट से सीमेंट का ब्लॉक लाकर चारों की हत्या की। आरोपी ने पहले अपनी पत्नी, फिर मझली और छोटी बेटी और अंत में बड़ी बेटी के सिर व मुंह पर वार कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद उसने अपने बुजुर्ग पिता को चाय बनाकर पिलाई और इसके बाद मोबाइल घर पर ही छोड़कर फरार हो गया।
हत्या के बाद आरोपी पहुंचा खाटूश्यामजी
पुलिस के मुताबिक, राहुल 11 सितंबर को सुबह करीब 7 बजे घर से निकला था। इसके बाद वह सीकर में खाटूश्यामजी पहुंचा और वहां एक होटल में कमरा लेकर रुका। होटल का खर्च खत्म होने के बाद उसने अपनी सोने की अंगूठी बेचकर पैसे जुटाने की कोशिश की। लेकिन होटल संचालक ने अंगूठी के बदले पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद राहुल होटल छोड़कर रींगस चला गया। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम को उसके रींगस में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने उसे वहां से हिरासत में लिया। जयपुर लाकर पुलिस ने उससे पूछताछ की। जिसमें उसने वारदात का खुलासा किया।
बुजुर्ग पिता ने देखा था घर में खून
वारदात के समय राहुल के बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा भी घर में ही मौजूद थे। उन्होंने घर के कमरों में खून पड़ा देखा और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। पुलिस को घटनास्थल से दो सीमेंट ब्लॉक मिले हैं। एफएसएल टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए गए। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को चारों शवों का अंतिम संस्कार कराया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद शुरुआती तौर पर राहुल के कर्ज में दबे होने की बात सामने आई थी, लेकिन पूछताछ में पत्नी और बड़ी बेटी के साथ विवाद को हत्या की मुख्य वजह के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
