Gurgaon news: गुड़गांव के सुशांत लोक फेज 1 के पॉश इलाके में एक बड़ा हादसा टल गया। एक महिला प्रोफेसर की कार गैलेरिया रोड पर बने एक गहरे गड्डे में गिर गई। रोड पर यह गड्डा खुला पड़ा था, ना कोई वहां बैरिगेटिंग थी और ना ही कोई चेतावनी जैसा बोर्ड, ना रूट डायवर्जन। जहां प्रशासन की लापरवाही के कारण एक महिला की जान जाते जाते बची। इस घटना ने प्रशासन की घोर लापरवाही को उजागर कर दिया है।
यह घटना तब हुई, जब एक निजी यूनिवर्सिटी में एक विभाग की प्रमुख प्रोफेसर अपने घर रिजवुड एस्टेट लौट रही थीं। जहां उनकी गाड़ी अचानक सड़क के बीचों-बीच खोदे गए एक बड़े गड्ढे में जा गिरी। स्थानीय लोग और वहां से गुजर रहे राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जी-तोड़ कोशिशें कीं।
महिला बोलीं- लापरवाही के लिए अधिकारियों के खिलाफ शिकायत करेंगे
हालांकि प्रोफेसर को कोई चोट तो नहीं आई, लेकिन गड्ढे में गिरने से उनकी कार को काफी नुकसान पहुंचा। निवासियों ने आरोप लगाया कि यह गड्ढा महीनों से बिना किसी बैरिकेडिंग, चेतावनी के संकेत के खुला पड़ा था, जहां इसनें गुड़गांव के सबसे पॉश इलाकों में से एक की एक अहम सड़क को एक खतरनाक जोन में बदल दिया था। प्रोफेसर ने कहा है कि वह पुलिस, गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMDA) और नगर निगम में औपचारिक शिकायतें दर्ज कराएंगी, और इस लापरवाही के लिए अधिकारियों को जवाबदेह ठहराएंगी।
गुरुग्राम में नकली मौनजारो इंजेक्शन बनाए जाने का भंडाफोड़
गुरुग्राम में अधिकारियों ने नकली मौनजारो इंजेक्शन के निर्माण और बिक्री से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मादक द्रव्य नियंत्रण अधिकारी अमनदीप चौहान ने सोमवार को बताया कि नकली इंजेक्शन का पता लगाने के लिए देशव्यापी अलर्ट जारी किया गया है और इस गिरोह में शामिल सभी लोगों सहित पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने सोमवार को सेक्टर 62 स्थित एक आवासीय सोसायटी पर छापा मारा और मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपी चीन से कच्ची दवाइयां आयात करके मौनजारो के नकली इंजेक्शन बनाते थे। पूरा गिरोह सोसाइटी के एक फ्लैट से संचालित किया जा रहा था। अधिकारी ने आरोप लगाया कि आरोपी इन अवैध इंजेक्शन की आपूर्ति बी2बी पोर्टल इंडियामार्ट के माध्यम से करते थे।
