Vadodara Bus Truck Accident Kotambi: गुजरात के वडोदरा में कोटांबी स्टेडियम के पास एक बेहद दर्दनाक और भयानक सड़क हादसा सामने आया है। यहां यात्रियों से भरी एक लग्जरी बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले एक्सीडेंट में अब तक 7 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है, जबकि 26 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद वडोदरा का सयाजी (SSG) हॉस्पिटल घायलों और परिजनों की भीड़ से भर गया है, जहां आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों की टीमें घायलों के इलाज में जुटी हैं।
राजस्थान से सूरत जा रही थी 'बालाजी ट्रैवल्स' की बस
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त लग्जरी बस 'बालाजी ट्रैवल्स' की थी, जो राजस्थान से यात्रियों को लेकर सूरत की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस वडोदरा के कोटांबी इलाके में पहुंची, तभी एक ट्रक के साथ उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चीख-पुकार मच गई। 5 शवों को सीधे एसएसजी (SSG) अस्पताल लाया गया है, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मौके पर NDRF, SDRF और फायर ब्रिगेड
हादसे के बाद बस में कई यात्री बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए युद्ध स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ NDRF (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल), SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और फायर डिपार्टमेंट की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
गैस कटर की मदद से बस के केबिन और सीटों को काटकर फंसे हुए लहूलुहान यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है। घटनास्थल पर चारों तरफ मलबा फैला हुआ है और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए सयाजी अस्पताल शिफ्ट किया जा रहा है।
हाईवे पर लगा कई किलोमीटर लंबा भारी जाम
इस भीषण दुर्घटना के बाद कोटांबी स्टेडियम और आस-पास के मुख्य मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई है। हादसे और रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा भारी ट्रैफिक जाम लग गया है। स्थानीय पुलिस यातायात को डायवर्ट करने और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस व ट्रक को सड़क से हटाकर रास्ता साफ कराने के प्रयास में जुटी है। मुख्यमंत्री कार्यालय और स्थानीय प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
