शहर

Gujarat News: 4 करोड़ के सोने की लूट के बाद 500 मीटर तक घसीटे गए पुलिस इंस्पेक्टर, जान पर खेलकर रोकी भागती कार, 4 आरोपी गिरफ्तार

Gujarat News: गुजरात के खेड़ा जिले में नडियाद रेलवे स्टेशन पर ज्वेलरी कारोबारी के कर्मचारी से करीब 4 करोड़ रुपये का सोना लूटने के मामले में पुलिस ने कुछ ही घंटों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस और रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 2.90 किलोग्राम सोना बरामद किया।

Image

2.90 किलो सोना बरामद हुआ (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Gujarat News: गुजरात पुलिस ने खेड़ा जिले में हुई करीब 4 करोड़ रुपये के सोने की लूट का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.90 किलोग्राम सोना बरामद किया है। यह वारदात शनिवार शाम नडियाद रेलवे स्टेशन के पास हुई थी। अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को वीरमगाम के पास दबोच लिया।

पीड़ित ने आरोपियों का पीछा करते हुए गाड़ी की तस्वीर ले लेली

पुलिस के मुताबिक, एक ज्वेलर का कर्मचारी कोलकाता से सोना लेकर नडियाद रेलवे स्टेशन पहुंचा था। शाम करीब 5 बजे आरोपियों ने कथित तौर पर उसे निशाना बनाकर सोने से भरा सामान छीन लिया। वारदात के बाद पीड़ित ने आरोपियों का पीछा किया और उनकी गाड़ी की तस्वीर लेने में कामयाब रहा। इसके बाद खेड़ा GRP ने रेलवे स्टेशन और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध कार और उसमें सवार लोगों की जानकारी तुरंत राज्य पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई।

पुलिस ने संदिग्ध कार को ट्रेस किया

शाम करीब साढ़े सात बजे सूचना मिलने के बाद अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल फोन के SDR डेटा की मदद से आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों का पता लगाया। जानकारी से संकेत मिला कि आरोपी बनासकांठा की ओर बढ़ रहे थे। इसी बीच स्थानीय मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने वीरमगाम के पास संदिग्ध कार को ट्रेस कर लिया। पुलिस ने देखा कि एक बिना नंबर की गाड़ी भी उसके पीछे चल रही थी।

वीरमगाम के पास घेराबंदी की

इसके बाद लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) और वीरमगाम टाउन पुलिस की टीम ने ट्रक की मदद से रास्ता रोककर बिना नंबर वाली गाड़ी को घेर लिया और एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके तीन साथी सोना लेकर कार से आगे निकल चुके हैं। पुलिस ने इसके बाद मुख्य वाहन का पीछा शुरू किया और वीरमगाम के पास इंस्पेक्टर एस.ए गढ़वी और परेश जानी के नेतृत्व में घेराबंदी की।

इंस्पेक्टर एसए गढ़वी दिखाई बहादुरी

पुलिस के मुताबिक, घिरने के बाद आरोपियों ने भागने की कोशिश में अपनी कार को पुलिस वाहन से टकरा दिया और तेजी से पीछे हटने का प्रयास किया। इसी दौरान इंस्पेक्टर एसए गढ़वी ने अद्दमय साहस दिखाते हुए चलती कार का दरवाजा पकड़ लिया। कार उन्हें करीब 500 मीटर तक घसीटती रही, लेकिन उन्होंने किसी तरह वाहन के अंदर पहुंचकर हैंडब्रेक खींच दिया और कार को रोक दिया। इसके बाद अन्य पुलिसकर्मियों ने कार को अपने कब्जे में लेकर उसमें सवार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, खेतों की ओर भागने की कोशिश कर रहे एक अन्य आरोपी को भी घेरकर पकड़ लिया गया।

लूटा हुआ पूरा सोना बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने कार की सीट कवर के अंदर छिपाकर रखा गया पूरा लूटा हुआ सोना बरामद कर लिया। बरामद सोने का वजन 2.90 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई गई है। वारदात में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों को भी पुलिस ने जब्त किया है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस और पश्चिम रेलवे GRP की टीमों की कार्रवाई की सराहना करते हुए कुछ ही घंटों में 100 फीसदी लूटी गई संपत्ति बरामद करने पर उन्हें बधाई दी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article