शहर

Manjalpur Bypoll Result: गढ़ बचाने में कामयाब रही BJP, मांजलपुर में सतीश पटेल ने कांग्रेस को दी करारी शिकस्त

Manjalpur Bypoll Result: वडोदरा की मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सतीश पटेल ने कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी को 30,630 मतों के बड़े अंतर से हरा दिया है। योगेश पटेल के निधन के बाद खाली हुई इस सीट को भाजपा ने बरकरार रखा है।

Image

वडोदरा की मांजलपुर सीट पर सतीश पटेल जीते

Manjalpur Bypoll Result: वडोदरा शहर की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना गढ़ बचाते हुए एक बार फिर शानदार जीत दर्ज की है। 20 दौर की मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा प्रत्याशी सतीश गोविंदभाई पटेल उर्फ सतेंद्रभाई पटेल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को 30,630मतों के अंतर से पराजित किया।

किसे कितना मिला वोट

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, 20 दौर की गणना के बाद पटेल ने कांग्रेस उम्मीदवार एवं पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी पर 30,630 मतों की बढ़त बनाते हुए 55,481 वोट हासित किए। वहीं रबारी को 24,851 वोट मिले और NOTA को 2247 वोट मिले हैं।

क्यों हुआ था मांजलपुर उपचुनाव?

मांजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था। इस उपचुनाव में 37.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसे तुलनात्मक रूप से कम माना गया। 20 राउंड तक चली मतगणना में अंतिम परिणाम अब घोषित हो चुका है।

गौरतलब है कि यह उपचुनाव भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व गुजरात मंत्री और आठ बार के विधायक योगेश पटेल के निधन के कारण कराया गया। उनका 2 जून 2026 को 79 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी और हृदय संबंधी समस्या के चलते निधन हो गया था। इसी सीट को बरकरार रखने के लिए भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को मैदान में उतारा जबकि कांग्रेस ने गुजरात इकाई के अपने उपाध्यक्ष भीखाभाई रबारी को उम्मीदवार बनाया। जबकि कम मतदान के आधार पर कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही थी। हालांकि अब नतीजा साफ हो चुका है और बीजेपी को जीत मिल चुकी है।

गुजरात विधानसभा में दलों की स्थिति

वैसे भी मांजलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के नतीजों का राज्य विधानसभा में भाजपा की ताकत पर कोई असर नहीं पड़ने वाला था। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के फिलहाल 161 विधायक थे, जिसमें एक बढ़ोतरी हो जाएगी। इसके बाद कांग्रेस के 12, आम आदमी पार्टी (आप) के पांच, दो निर्दलीय और समाजवादी पार्टी (सपा) का एक विधायक है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article