स्पोर्ट्स

भारतीय हॉकी कोच ने दिए संकेत, ओलंपिक को देखते हुए प्रो लीग की टीम में हो सकते हैं बड़े बदलाव

Indian hockey: अगले साल होने वाली हॉकी प्रो लीग में भारतीय पुरुष हॉकी टीम बदले हुए अंदाज और कुछ नए खिलाड़ियों के साथ नजर आ सकती है, ओलंपिक को नजर में रखते हुए ऐसे कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। भारतीय टीम को कोच क्रेग फुल्टन ने इसके संकेत दे दिए हैं।

Image

कोच क्रेग फुल्टन की मानें तो भारतीय पुरुष हॉकी टीम में होने वाले हैं बड़े बदलाव (X/Hockey India)

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने अगले साल प्रो लीग के लिए टीम में व्यापक बदलाव के संकेत दिए हैं, क्योंकि भारत 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों को ध्यान में रखते हुए परिवर्तन के दौर की शुरुआत कर रहा है। भारत को फरवरी में प्रो लीग के घरेलू चरण में जर्मनी, अर्जेंटीना, ग्रेट ब्रिटेन और स्पेन से भिड़ना है।

फुल्टन ने पीटीआई से कहा, "हम जनवरी (फरवरी) में प्रो लीग के लिए एक नई टीम का चयन करेंगे। हमारे पास अभ्यास के लिए बहुत कम समय है क्योंकि खिलाड़ी अपनी अपनी फ्रेंचाइजी में वापस चले जाएंगे। हम एक नई टीम तैयार करेंगे, जो प्रो लीग में खेलेगी। इसके बाद हम उस टीम के साथ 2027-28 का चक्र शुरू करेंगे।"

भारत एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) के बाद इस महीने न्यूजीलैंड का दौरा करेगा। भारत के 1926 में पहले ऐतिहासिक हॉकी दौरे के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में इन दोनों टीम के बीच एक विशेष अंतरराष्ट्रीय टेस्ट श्रृंखला खेली जाएगी। भारत 19, 21 और 22 नवंबर को ऑकलैंड में तीन टेस्ट मैच खेलेगा।

फुल्टन ने कहा, "न्यूजीलैंड का दौरा करने वाली टीम को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। हम आने वाले दिनों में इसकी घोषणा करेंगे। अभी तक कुछ भी आधिकारिक नहीं है। हर टीम बदलाव के दौर से गुजरती है। हमने पहले भी बदलाव किए हैं। हम तीन बार एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी खेल चुके हैं और तीनों बार हमारी टीम बदली हुई थी।"

उन्होंने कहा, "चेन्नई (2023) में खेलने वाली टीम हुलुनबुइर (2024) में खेलने वाली टीम से अलग थी। पिछली टीम के बाद से हमने नौ खिलाड़ियों को बदला है। अब यह टीम अलग है।"

इस साल विश्व कप में भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह आठवें स्थान पर रहा। हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम ने हालांकि एशियाई खेलों का खिताब बरकरार रखा और साथ ही लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया।

फुल्टन ने कहा, "विश्व कप के बड़े मैचों में जब हमें गोल करने की जरूरत थी, तब हम गोल नहीं कर पाए और हमने कुछ आसान गोल भी खा लिए। इसलिए हमारी रक्षापंक्ति और अग्रिम पंक्ति दोनों में सुधार की जरूरत है।"

उन्होंने कहा, "हम एशियाई टीमों के खिलाफ गोल करने और बचाव करने में अच्छे हैं लेकिन यूरोपीय और उच्च रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ हमें लगातार सुधार करना होगा। न्यूजीलैंड दौरे में हम अपने विकल्पों को आजमाएंगे और फिर एक नई टीम तैयार करेंगे।"

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article