क्रिकेट

IND vs NZ 1st ODI: पहले वनडे में भारत को मिलेगी मात! ऑकलैंड के ईडन पार्क में बेहद खराब रहा है जीत का रिकॉर्ड

भारत, न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत ईडन पार्क से करेगा, जो ऐतिहासिक रूप से उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। इस मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए 11 वनडे मैचों में भारत ने केवल चार में जीत हासिल की है। 25 नवंबर 2022 को हुए पिछले मुकाबले में, न्यूजीलैंड ने 307 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की थी।

Image

ईडन पार्क में वनडे में भारत का खराब रिकॉर्ड। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत बुधवार से न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू करेगा, जिसका पहला मैच ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। हालांकि, यह मैदान भारतीय टीम के लिए कभी भी बहुत अच्छा नहीं रहा है। इस मैदान पर रिकॉर्ड को देखें तो न्यूजीलैंड का पलड़ा हमेशा भारी रहा है। पिछली बार जब दोनों टीमें इस मैदान पर वनडे में आमने-सामने थीं (नवंबर 2022 में), तो भारत को सात विकेट से हार मिली थी।

ईडन पार्क में भारत का पहला वनडे मैच 22 फरवरी 1976 को खेला गया था। सुनील गावस्कर की कप्तानी में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के हाथों 80 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। तब से, भारत ने इस मैदान पर 10 और वनडे मैच खेले हैं, जिसमें जिम्बाब्वे के खिलाफ 2015 विश्व कप का मैच भी शामिल है। उस मुकाबले में भारत ने छह विकेट से जीत हासिल की थी।

ऐसा है ईडन पार्क में भारत का रिकॉर्ड

हालांकि, इस मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का कुल रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। ईडन पार्क में खेले गए 11 मैचों में से भारत ने चार जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड ने छह जीत हासिल की हैं। एक मैच टाई रहा था। आंकड़े बताते हैं कि भारत को अपना रिकॉर्ड सुधारने की जरूरत है। गिल की कप्तानी में भारतीय टीम पुराने इतिहास को पीछे छोड़ने को देखेगी।

2022 में खेला था आखिरी वनडे

आखिरी बार भारतीय टीम ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ 25 नवंबर 2022 को उतरी थी। उस मुकाबले में कीवी टीम ने 307 रन के टारगेट को चेज करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 306 रन बनाए थे। शिखर धवन, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतकीय पारी खेली थी। टिम साउदी और लॉकी फर्ग्यूसन ने तीन-तीन विकेट चटकाए थे।

टारगेट का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने 47.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया था। टॉम लेथम ने नाबाद 145 रन की पारी खेली थी। वहीं, केन विलियमसन ने भी अर्धशतक जड़ा था। भारत की तरफ से उमरान मलिक ने दो विकेट चटकाए थे। इसके बावजूद मेहमान भारतीय टीम न्यूजीलैंड को जीत से नहीं रोक पाई थी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article