Greater Noida: ग्रेटर नोएडा और नोएडा अथॉरिटी लोगों को एक खास सुविधा देने जा रही है। इस शहर के लोगों को जल्द ही शहर के सभी मेट्रो स्टेशन और प्रमुख बाजारों से ई-बाइक की सर्विस मिलेगी। इन बाइक की मदद से लोगों को कम खर्च में अपनी डेस्टिनेशन तक पहुंचने में मदद मिलेगी। अथॉरिटी द्वारा आम लोगों को बाइक की यह सुविधा रेंट पर दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, योजना को तैयार कर लिया गया और नवंबर माह तक इसे प्रेजेंट कर दिया जाएगा। हालांकि इस योजना के लॉन्चिंग को लेकर अभी तक अथॉरिटी की तरफ से कोई समय सीमा घोषित नहीं किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, ग्रेटर नोएडा और नोएडा अथॉरिटी मिलकर इस प्रोजेक्ट पर पिछले दो साल से काम कर रही है। योजना तैयार होने के बाद अब इस पर एक्सपर्ट की राय मांगी गई है। सुझाव के अनुसार, कुछ बुनियादी सुधार कर योजना को फाइनल कर इसकी घोषणा कर दी जाएगी। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इसके लिए ग्रेटर नोएडा और नोएडा के लिए दो अलग-अलग एजेंसियां फाइनल की जाएंगी। हर एक एजेंसी को 310 इलेक्ट्रिक बाइक्स को ऑपरेट करने का अधिकार दिया जाएगा।
62 जगहों से होगा बाइक का संचालन, देना पड़ेगा प्रति मिनट 2 रुपए किराया
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर रितु माहेश्वरी ने इस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि, योजना तैयार हो चुकी है। कई एजेसिंयों ने इस प्रोजेक्ट में शामिल होने की इच्छा जाहिर की है। जल्द ही इस प्रोजेक्ट की टेंडर प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। ई-बाइक के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लिए अलग-अलग टेंडर जारी किए जाएंगे और दोनों जगह पर अलग-अलग एजेंसी को बाइक संचालन का अधिकार दिया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, ये बाइक आम लोगों को काफी सस्ती पड़ेंगी। लोगों को बाइक को किराए पर चलाने के लिए प्रति मिनट 2 रुपये के हिसाब से शुल्क देना होगा। अथॉरिटी अभी इन बाइक को 62 जगहों से संचालन करेगा। इन बाइक को पार्क करने के लिए सेक्टर 6, 67, 14, 16A और अन्य सेक्टर में पार्किंग भी तैयार हो चुकी है। लोगों की सुविधा के लिए एक मोबाइल एप्लीकेशन भी तैयार किया जा रहा है।
