यीडा क्षेत्र में जल्द ही हेल्थ सेंटर और फैमिली वेलफेयर सेंटर बनाए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को प्राइवेट अस्पतालों के महंगे इलाज से राहत मिलेगी। यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) के आवासीय और औद्योगिक सेक्टरों में अब सस्ती और सुलभ हेल्थ सुविधाएं मिलेंगी। इसके तहत पूरे क्षेत्र में 30 बिस्तरों वाले कई अस्पताल खोलने की योजना बनाई गई है।
इसका प्रस्ताव आज यानी बुधवार 18 जून 2025 को प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद इन अस्पतालों के लिए भूखंडों की योजना लाई जाएगी। प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह के अनुसार, हर दो सेक्टरों के बीच कम से कम 30 बिस्तरों वाला एक अस्पताल स्थापित किया जाएगा, जिससे आम लोगों को बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
फैमिली वेलफेयर सेंटर भी बनेंगे
इन अस्पतालों और हेल्थ सेंटर्स को स्वयंसेवी संस्थाएं संचालित करेंगी, जिन्हें एक रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इसके बदले में इन संस्थाओं को सामान्य मेडिकल एक्सपेंसिस पर मरीजों को 25 से 40 फीसद तक की छूट देनी होगी। साथ ही, फैमिली वेलफेयर सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे, जहां परिवार नियोजन, मातृ और शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
ACEO करेंगे निगरानी
जानकारी के मुताबिक, इन केंद्रों से सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में भी मदद मिलेगी। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए एसीईओ की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी, जो अस्पतालों के संचालन, दवाओं की कीमत, मरीजों की जांच और हॉस्पिटल रूम रेंट का निर्धारण करेगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी अस्पताल ज्यादा शुल्क न वसूले और सेवाएं आम जनता की पहुंच में रहें।
