Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा जोन के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित सेक्टर -150 में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग पर एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण में इस्तेमाल होने वाला सामान ऊपर चढ़ाने के लिए लगाई गई टेंपरेरी लिफ्ट को हटाने के दौरान लिफ्ट के अचानक टूट जाने से एक मजदूर युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया है कि जांचकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि निर्माणाधीन बिल्डिंग पर लगी टेंपरेरी लिफ्ट को हटाने के दौरान यह लिफ्ट टूट कर नीचे गिर गई। इस लिफ्ट को खोलने का काम कर रहे रितिक राठौड़ भी लिफ्ट के साथ-साथ नीचे आ गिरा। रितिक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टर्स ने मजदूर युवक को मृत घोषित कर दिया।
स्थाई लिफ्ट बनने के बाद हटाई जा रही थी टेंपरेरी लिफ्ट
मिली जानकारी के अनुसार हादसे की जानकारी देते हुए ग्रेटर नोएडा जोन के एडिशनल डीसीपी दिनेश कुमार ने बताया है कि सेक्टर-150 भगत सिंह पार्क के पास एक निजी कंपनी का प्रोजेक्ट चल रहा था। जो बिल्डिंग बनाई जा रही थी, उसमें कंपनी की टेंपरेरी लिफ्ट लगाई गई थी। कंपनी की स्थाई लिफ्ट लगा देने के बाद टावर नंबर एक से उस टेंपरेरी लिफ्ट को हटाने का काम चल रहा था।अचानक से टूटी पूरी लिफ्ट
एडिशनल डीसीपी दिनेश कुमार ने बताया है कि टेंपरेरी लिफ्ट को हटाने का काम 26 वर्षीय रितिक राठौड़ नाम का मजदूर कर रहा था। टेंपरेरी लिफ्ट स्पोर्ट न ले पाने के कारण भरभरा कर नीचे गिर पड़ी, जिसकी जद में आकर रितिक घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पास में स्थित निजी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। मामले में जांच करने के बाद आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आपको बता दें कि निर्माणाधीन इमारतों में सुरक्षा मानकों को फॉलो नहीं करने के कारण पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं।
