Greater Noida: नोएडा पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस और बदमाशों का आमना सामना दनकौर थाना क्षेत्र में बीती रात वाहन चेकिंग के दौरान हुआ। जिसके बाद दोनों तरफ से हुई फायरिंग में गोली लगने से घायल होकर दो बदमाश वहीं गिर पड़े, जिन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, एक बदमाश पुलिस से बचकर भागने में सफल रहा। हालांकि पुलिस ने कांबिंग के दौरान फरार बदमाश को भी कुछ ही दूरी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घायल बदमाशों का इलाज करा रही है।
नोएडा पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए बदमाशों ने बीते 26/27 अक्टूबर की रात को हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक कैब बुक की थी। कैब के सिकंदराबाद रोड पर पहुंचने पर इन बदमाशों ने ड्राइवर को बांधकर कार लूटकर फरार हो गए थे। इस लूट की वारदात के बाद से ही पुलिस इन लुटेरों की तलाश कर रही थी। घायल बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने दो अवैध तमंचे, दो खोखा व दो जिंदा कारतूस बरामद किए है। साथ ही लूटी गई कार भी इन बदमाशों के पास से मिली है। पुलिस ने घायल बदमाशों की पहचान बबलू और अनुज के तौर पर की है। वहीं तीसरे लुटरे नितिन को कांबिंग के दौरान पकड़ा गया।
