बिजनेस

Dividend से रेगुलर कमाई के लिए बेस्ट हैं ये 5 PSU Stocks, क्या आपके पोर्टफोलियो में है कोई?

अगर आप डिविडेंड से कमाई करना चाहते हैं तो आपको सरकारी कंपनियों की ओर रुख करना चाहिए। सरकारी कंपनियां अपने निवेशकों को अच्छा डिविडेंड देती हैं।

Image

डिविडेंड स्टॉक

शेयर बाजार में निवेशकों की कमाई शेयर के भाव बढ़ने से होती है। इसलिए, अधिकांश निवेशक स्टॉक खरीदने के बाद भाव बढ़ने का इंतजार करते हैं, लेकिन एक और माध्यम है जो निवेशकों को रेगुलर कमाई करता है। वह है डिविडेंड! बहुत सारी कंपनियां अपने निवेशकों को शेयर खरीदने पर समय-समय पर डिविडेंड देती है। सरकारी कंपनियां यानी PSU Stocks डिविडेंड देने में सबसे आगे रहती हैं। आज हम 5 सरकारी कंपनियों के स्टॉक के बारे में बता रहे हैं, जिनमें निवेश कर आप डिविडेंड से कमाई कर सकते हैं। आइए उनके बारे में जानते हैं।

1. कोल इंडिया (Coal India)

कोल इंडिया देश की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनियों में शामिल है। कंपनी एक दशक से ज्यादा समय से लगातार अपने शेयरधारकों को डिविडेंड दे रही है। फिलहाल इसकी डिविडेंड यील्ड करीब 6.8% है। कंपनी अब सोलर एनर्जी और कोल गैसीफिकेशन जैसे नए क्षेत्रों में भी निवेश कर रही है। इसके लिए बड़े पूंजीगत खर्च की जरूरत होगी। ऐसे में आगे डिविडेंड कितना मिलेगा, यह कंपनी की कमाई और निवेश की जरूरतों पर निर्भर करेगा।

2. ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC)

ONGC देश की सबसे बड़ी तेल और गैस उत्पादक कंपनियों में से एक है। कंपनी भी एक दशक से ज्यादा समय से लगातार डिविडेंड दे रही है। इसकी मौजूदा डिविडेंड यील्ड करीब 5.67% है। नवंबर 2026 में कंपनी ने 8 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया। इससे कुल भुगतान करीब 10,064 करोड़ रुपये रहा। कंपनी आमतौर पर अपनी कमाई का लगभग 40% हिस्सा डिविडेंड के रूप में बांटती है।

3. NMDC

NMDC देश की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक कंपनी है। कंपनी का डिविडेंड देने का रिकॉर्ड एक दशक से भी पुराना है। फिलहाल इसकी डिविडेंड यील्ड करीब 5.24% है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने अपनी कमाई का 41% हिस्सा डिविडेंड के रूप में शेयरधारकों को दिया था। कंपनी पर अपेक्षाकृत कम कर्ज और मजबूत वित्तीय स्थिति इसे डिविडेंड के लिहाज से आकर्षक बनाती है।

4. REC लिमिटेड

REC लिमिटेड बिजली क्षेत्र को कर्ज देने वाली प्रमुख सरकारी वित्तीय कंपनी है। यह बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन और रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स को फंड उपलब्ध कराती है। कंपनी की मौजूदा डिविडेंड यील्ड करीब 6.25% है। वित्त वर्ष 2026 में इसका डिविडेंड पेआउट रेशियो 30% रहा। वित्त वर्ष 2027 में कंपनी अब तक प्रति शेयर कुल 7.75 रुपये का डिविडेंड घोषित कर चुकी है।

5. भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (BPCL)

BPCL देश की प्रमुख तेल रिफाइनिंग और मार्केटिंग कंपनियों में शामिल है। कंपनी पेट्रोल-डीजल के कारोबार के साथ पेट्रोकेमिकल्स और गैस जैसे क्षेत्रों में भी विस्तार कर रही है। इसकी मौजूदा डिविडेंड यील्ड करीब 5.75% है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का डिविडेंड पेआउट रेशियो 29% रहा।

BPCL बीना रिफाइनरी के विस्तार, पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट और आंध्र प्रदेश में नए रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स पर बड़ा निवेश करने की तैयारी में है। इन परियोजनाओं के लिए आने वाले वर्षों में काफी पूंजी की जरूरत होगी।

निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान

मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि सिर्फ ज्यादा डिविडेंड यील्ड देखकर किसी शेयर में निवेश करना सही रणनीति नहीं है। यह देखना भी जरूरी है कि कंपनी के पास डिविडेंड देने के लिए पर्याप्त नकदी है या नहीं और भविष्य में उसके कारोबार पर कितना निवेश खर्च होने वाला है।

डिविडेंड की रकम और भुगतान की नियमितता की गारंटी नहीं होती। कंपनियां अपने मुनाफे, नकदी की स्थिति और निवेश की जरूरतों के आधार पर डिविडेंड घोषित करती हैं। इसलिए निवेश से पहले अपनी रिसर्च जरूर करें।

(डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।)

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article