ग्रेटर नोएडा

Greater Noida Crime: निजी कंपनी के वेयरहाउस में हुई लूट का पर्दाफाश, पुराने सिक्योरिटी गार्ड ही निकले चोर, जानिए मामला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 3, 2023, 08:28 PM IST

Gautam Budh Nagar Police: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक निजी कंपनी के वेयरहाउस में हुए लूट के मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो दिन के अंदर मामले का खुलासा कर दिया है। सूरजपुर थाना की पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लूट का सारा पैसा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ में जुट गई है।

Image

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने निजी कंपनी में लूट के मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन को दबोचा

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर थाना पुलिस ने की कार्रवाई
  • एक जनवरी को हुई थी लूट की वारदात
  • वेयरहाउस पर सिक्योरिटी गार्ड का काम कर चुके हैं आरोपी

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर थाना पुलिस ने एक निजी कंपनी के वेयरहाउस में लूट का खुलासा करते हुए तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन लुटेरों के कब्जे से लूटी हुई तिजोरी और 12,25,631 रुपये बरामद कर लिए हैं। इन लुटेरों में से 2 आरोपी वेयरहाउस पर पहले सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी भी किया करते थे। उन्हीं लोगों ने यहां पर एक अन्य के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी।

बता दें कि, सेंट्रल नोएडा के एडिशनल डीसीपी साद मियां खान के अनुसार, 1 जनवरी को सुबह 3 बजे एक निजी कंपनी के वेयरहाउस पर बदमाशों की ओर से लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। इस दौरान बाइक सवार बदमाश वेयरहाउस से तिजोरी ही लूट कर भाग गए थे। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने खंगाला और लूट की घटना का खुलासा करने के लिए चार टीमें गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज से मिली मदद

एडिशनल डीसीपी साद मियां खान के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में एक पल्सर मोटरसाइकिल कैद हुई थी। उसी के आधार पर पुलिस जांच करते हुए इन बदमाशों तक पहुंच गई। उसके बाद पुलिस ने सूरजपुर कस्बे की श्यामविहार कॉलोनी से लुटेरों को दबोच लिया। पुलिस ने इस दौरान औरैया के रहने वाले राजकुमार, बुलंदशहर के बड़ौदा निवासी सचिन और राजा को गिरफ्तार किया है।

कंपनी के बारे में पहले से जानते थे लुटेरे

बता दें कि, पुलिस ने इन लोगों के कब्जे से कंपनी से लूटी हुई तिजोरी और पूरा कैश बरामद कर लिया है। दरअसल सारा कैश तिजोरी में ही रखा गया था। उन्होंने तिजोरी को ग्राइंडर से काटने की भी कोशिश की थी, लेकिन वे असफल रहे। आरोपी राजकुमार और सचिन पहले वेयरहाउस में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे। 4 महीने पहले इन्होंने यह नौकरी छोड़ दी थी। आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि जब वे लोग यहां पर सिक्योरिटी की नौकरी करते थे तो उन्हें इसके बारे में पूरी जानकारी थी। उन्हें यह पता था कि 1 तारीख को यहां पर स्टाफ कम रहेंगे। उस दिन कैश भी यहां पर अधिक रहेगा। इसी को लेकर उन्होंने 1 जनवरी की सुबह 3 बजे वेयरहाउस पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर ले लिया था और तिजोरी को मौके से लेकर फरार हो गए थे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article