ग्रेटर नोएडा

गौतमबुद्धनगर के 2 गांव में टाउनशिप बनाएगा बुलंदशहर विकास प्राधिकरण, VC ने बताया पूरा प्लान

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 5, 2023, 06:04 PM IST

बुलंदशहर विकास प्राधिकरण ने गौतमबुद्धनगर के दो गांवों की लगभग 210 एकड़ जगह पर एक टाउनशिप बनाने की योजना तैयार की है, जिसका लाभ यहां रहने वाले हजारों लोगों को होगा। इस टाउनशिप योजना को आवासीय, औद्योगिक और व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए बसाया जा रहा है। इस योजना के पूरा होने से बुलंदशहर सहित गौतमबुद्ध नगर के हजारों लोगों को आवास और रोजगार के अवसर मिलेंगे।

Image

हजारों लोगों को आवास और रोजगार के अवसर मिलेंगे।

बुलंदशहर विकास प्राधिकरण (BDA) एक ऐसी टाउनशिप योजना पर काम कर रहा है जिसे गौतमबुद्ध नगर के दो गांवों की जमीन पर बसाया जाना है। इस काम के लिए जी.टी रोड से लगे दो गांवों को चिह्नित किया गया है। इस टाउनशिप योजना में दो गांवों की लगभग 210 एकड़ जगह का विकास किया जाएगा। इसके लिए जगह खरीदने का काम शुरू कर दिया गया है। इस टाउनशिप योजना में आने वाली जमीन के मुआवजे का रेट गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन तय करेगा। इस टाउनशिप के बनने पर जी.टी रोड से ग्रेटर नोएडा के बीच के एरिया का विकास तेजी से होगा।

योजना में शामिल हैं ये दो गांव

बुलंदशहर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष डा. अंकुर लाठर ने टाइम्स नाउ नवभारत को बताया कि गौतमबुद्ध नगर जिले के दो गांव घोड़ी बछेड़ा और कैमराला चक्रसेनपुर को इस टाउनशिप परियोजना में शामिल किया गया है। ये दोनों ही गांव बुलंदशहर की सीमा से लगे दादरी तहसील के अंतर्गत आते हैं। लोकेशन की बात करें तो कालका-हावड़ा रेलमार्ग के एक तरफ ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण और दूसरी तरफ बुलंदशहर विकास प्राधिकरण का क्षेत्र लगता है। इन दोनों ही गांवों की 210 एकड़ जमीन पर बुलंदशहर विकास प्राधिकरण (BDA) एक टाउनशिप विकसित करेगा।

विकास के साथ-साथ हजारों लोगों को रोजगार का मिलेगा लाभ

बीडीए उपाध्यक्ष डा. अंकुर लाठर के अनुसार, बुलंदशहर विकास प्राधिकरण की यह पहली टाउनशिप होगी जो गौतमबुद्ध नगर जिले की सीमा में बसाई जा रही है। इस टाउनशिप योजना का लाभ बुलंदशहर के लोगों के साथ-साथ गौतमबुद्ध नगर जिले के भी हजारों लोगों को होगा। इस टाउनशिप में आवासीय भूखंड के साथ-साथ औद्योगिक और व्यवसायिक भूखंड भी शामिल होंगे। उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर के अनुसार, इस टाउनशिप में 40 प्रतिशत औद्योगिक और व्यवसायिक भूखंड होंगेजिसका सीधा लाभ दोनों जिलों के लोगों को मिलेगा। नए उद्योग लगने से हजारों की संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

बेहद आसान कनेक्टिविटी

एक तरफ ग्रेटर नोएडा और दूसरी तरफ से जी.टी रोड से घिरे इस टाउनशिप योजना में कनेक्टिविटी की सुविधा भी अच्छी होगी। इस टाउनशिप योजना के एक तरफ कालका-हावडा रेलमार्ग तो वहीं दूसरी तरफ जी.टी रोड कनेक्टिविटी के मुख्य साधन हैं। इन सभी बातों का ख्याल रखते हुए ही बुलंदशहर विकास प्राधिकरण ने इस टाउनशिप को बनाने की योजना तैयार की है। बीडीए उपाध्यक्ष डा. अंकुर लाठर ने बताया कि अभी जमीन खरीद की प्रक्रिया चल रही है और अगले दो सप्ताह में यह पूरी कर ली जाएगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article