Greather Noida Rain: ग्रेटर नोएडा के लोग कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे थे। आज उनका इंतजार खत्म हो गया है। आज सुबह यहां पर बादल मेहरबान हुए हैं। बीते कई दिनों से यहां के लोगों को उमस भरी गर्मी सता रही थी। लेकिन शनिवार की सुबह ग्रेटर नोएडा के लिए राहत लेकर आई है। बारिश के चलते उमस भरी गर्मी से निजात मिली है। साथ ही मौसम भी खुशनुमा हो गया है।
आज कैसा रहेगा ग्रेटर नोएडा का मौसम
ग्रेटर नोएडा में आज सुबह आसमान में बादल छाए दिखे। सुबह छह बजे के बाद यहां कई इलाकों में तेज बारिश हुई। बारिश के चलते यहां के मौसम में ठंडक महसूस हुई है। स्काईमेट के अनुसार आज ग्रेटर नोएडा का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री तक रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं। दोपहर में यहां पर धूप भी निकल सकती है। जिसके बाद शाम को 5 बजे के करीब फिर से बादल छा सकते हैं। ग्रेटर नोएडा में कल भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही बारिश होने के भी आसार हैं। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तक रह सकता है।
नोएडा में भी बादल मेहरबान
नोएडा में भी आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के आसार हैं। शनिवार सुबह यहां के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। सेक्टर 60, 120 और 125 में बूंदाबांदी हुई। आज नोएडा का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तक रह सकता है।
