Greater Noida Police Encounter: ग्रेटर नोएडा पुलिस ने शनिवार सुबह तड़के हुई एक मुठभेड़ के बाद हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव चक्रसेनपुर निवासी अनुज और गांव ऊंचा हमीरपुर निवासी सक्षम शर्मा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पांच जनवरी की रात गांव कैमराला में हुई उस वारदात में शामिल थे, जिसमें एक युवक की हत्या कर दी गई थी और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था। अधिकारी के अनुसार, इन दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस पर फायरिंग की
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार के अनुसार, मिली सूचना के आधार पर दादरी थाना पुलिस ने शनिवार तड़के जारचा रोड पर संदिग्धों की तलाश के लिए बैरिकेडिंग कर वाहन जांच शुरू की थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्ध दिखाई दिए। रुकने का संकेत देने पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में क्या हुआ?
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। सुधीर कुमार ने बताया कि अनुज के खिलाफ पहले से हत्या और हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सक्षम शर्मा पर हत्या, चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल सात मुकदमे दर्ज हैं।
(इनपुट - भाषा)
