शहर

Greater Noida में चोरों के हौसले बुलंद, दिनदहाड़े हो रही चोरियां; शीशा तोड़कर कार से लैपटॉप ले उड़े

ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के नॉलेज पार्क से कार से लैपटॉप चोरी की घटना सामने आई है। टाइम्स नेटवर्क से जुड़े योगेश शर्मा का लैपटॉप कार की खिड़की तोड़कर चोरी कर लिया गया।

Image

ग्रेटर नोएडा में कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप ले उड़े चोर

ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक कार से लैपटॉप चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित योगेश शर्मा टाइम्स नेटवर्क के डिजिटल सेक्शन के गवर्नमेंट सेल्स के लीड हैं। योगेश शर्मा ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वे अपने बच्चे के स्कूल में पीटीएम (Parent-Teacher Meeting) अटेंड करने गए थे।

कहां से लैपटॉप हुआ चोरी?

योगेश शर्मा ने बताया कि वे स्प्रिंग मीडोज, टेकजोन-4, ग्रेटर नोएडा के निवासी हैं। उन्होंने अपने बच्चे के स्कूल, पैसिफिक इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा में पीटीएम में शामिल होने के लिए सुबह करीब 9:55 बजे पहुंचे थे। स्कूल पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी कार स्कूल के सामने पार्क कर दी और पीटीएम अटेंड करने चले गए। शिकायत के मुताबिक, जब वे करीब 11:05 बजे वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि उनकी कार का शीशा टूटा हुआ था। कार की जांच करने पर पता चला कि उसमें रखा ऑफिस का लैपटॉप चोरी हो चुका है। पीड़ित ने बताया कि लैपटॉप में उनके कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और जरूरी डेटा मौजूद था, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है।

योगेश शर्मा ने जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की

योगेश शर्मा ने अपनी शिकायत में पुलिस से अपील की है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए और चोरी गए लैपटॉप को जल्द से जल्द बरामद किया जाए। साथ ही, उन्होंने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

यह घटना शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों पर भी सवाल खड़े करती है। दिनदहाड़े स्कूल के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की कमी को दर्शाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग और सीसीटीवी निगरानी को और मजबूत किया जाना चाहिए।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article