शहर

MP में इंसानियत शर्मसार : मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या, जंगल में फेंकी डेडबॉडी; आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में एक आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देकर उसकी हत्या कर दी गई। कहा जा रहा है कि आरोपी ने शातिर तरीके से बच्ची को विश्वास में लिया और उससे कहा कि तुम्हारे पापा ने तुम्हें घर बुलाया है और तुम्हारे लिए कुछ अच्छी चीजें लेकर आए हैं।

Image

नरसिंहपुर में बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या

नरसिंहपुर : जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक और जघन्य वारदात सामने आई है। यहाँ एक 8 साल की मासूम बच्ची, जो सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा थी, को बहला-फुसलाकर ले जाने के बाद दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और आम जनता में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बीते कल यानी 5 अगस्त की है। आरोपी अनिल उर्फ अन्नू यादव गोटेगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित उस सरकारी स्कूल में पहुंचा जहाँ मासूम पढ़ती थी। आरोपी ने शातिर तरीके से बच्ची को विश्वास में लिया और उससे कहा कि तुम्हारे पापा ने तुम्हें घर बुलाया है और तुम्हारे लिए कुछ अच्छी चीजें लेकर आए हैं। नासमझ मासूम आरोपी के इस बहकावे में आ गई और अपने शिक्षक से स्कूल की छुट्टी लेकर उस वहशी दरिंदे के साथ बाइक पर बैठकर चली गई।

जंगल में बच्ची के साथ वारदात को दिया अंजाम

इसके बाद आरोपी मासूम को अपने साथ बाइक पर बिठाकर सुनसान जंगल में ले गया। जंगल में ले जाकर आरोपी ने बच्ची के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए दुष्कर्म किया और अपनी करतूत छिपाने के लिए उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मासूम के शव को जंगल में ही झाड़ियों के पास फेंक दिया।

इधर, जब स्कूल की छुट्टी हुई और काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी, तब शिक्षकों ने उसका बस्ता स्कूल में ही रखा देखा। इसके बाद स्कूल के शिक्षक ने बच्ची के घर पर संपर्क किया, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय स्तर पर उसकी खोजबीन शुरू की गई। जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने तुरंत गोटेगांव थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने खुद इस हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील मामले की कमान संभाली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जंगल में लगभग 50 पुलिसकर्मियों और सैकड़ों स्थानीय ग्रामीणों की मदद से एक व्यापक सर्च ऑपरेशन (खोज अभियान) चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने जंगल से मासूम का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अनिल उर्फ अन्नू यादव को दबोच लिया, जिसने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

इस वीभत्स घटना के सामने आने के बाद नरसिंहपुर के आम नागरिकों में गहरा रोष और गुस्सा है। स्थानीय लोगों ने घटना के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया है और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपी को जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को समझते हुए आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाकर उसे जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का पूर्ण आश्वासन दिया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article