Meerut Viral Video: मेरठ में एक कार चालक के साथ बीच सड़क पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक कार रुकी हुई है और दो युवक चालक को बुरी तरह से थप्पड़ मारते हैं। इस दौरान कार में बैठी एक महिला और बच्ची मदद की गुहार लगाती सुनाई देती हैं।
26 अक्टूबर की घटना
पुलिस के मुताबिक यह पूरा मामला जानी थाना क्षेत्र का है और घटना 26 अक्टूबर 2025 की रात की बताई जा रही है। वायरल फुटेज 52 सेकंड का है, जिसमें पीड़ित युवक को लगातार 22 थप्पड़ मारे जा रहे हैं। वीडियो में पीड़ित युवक हाथ जोड़कर बार-बार विनती करता नजर आता है, लेकिन हमलावरों के तेवर कम नहीं होते।
दोनों आरोपी पकड़े गए
जांच में जिन दो युवकों की पहचान हुई, उनमें एक नवल पुत्र बलजीत है, जो मूल रूप से बिसरख नोएडा का निवासी है और इस समय मेरठ के पांचली खुर्द में रह रहा था। दूसरा आरोपी धर्मेंद्र पुत्र जयभगवान, बागपत जिले के बालैनी गांव का निवासी है। दोनों के खिलाफ जानी थाने में मुकदमा संख्या 540/2025 धारा 126(2)/115(2) BNS के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है।
पुलिस जांच जारी
मेरठ पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, यह भी पता लगाया जा रहा है कि मारपीट की वजह क्या थी और क्या इसमें और कोई व्यक्ति शामिल था।
