Ghaziabad News: गाजियाबाद में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। रेलवे ने कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते इस बार खास इंतजाम किए हैं। रेलवे ने कांवड़ियों और सामान्य यात्रियों के लिए स्टेशन पर अलग-अलग रास्ते बनाने का फैसला किया है। साथ ही हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम की भी व्यवस्था की जाएगी। स्टेशन पर सीसीटीवी, मेटल डिटेक्टर और सादे कपड़ों में जवान तैनात रहेंगे। जिससे असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी।
कांवड़ियों के लिए 24 घंटे हेल्प डेस्क
इस बार कांवड़ियों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है। जिसके चलते रेलवे ने सुरक्षा और सहायता के लिए विशेष व्यवस्था की है। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर कांवड़ियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। यहां 24 घंटे शिव भक्तों की मदद की जाएगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं की प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी की जाएगी। स्टेशन पर सभी सीसीटीवी कैमरे एक्टिव रहेंगे।
स्टेशन पर कड़ी चेकिंग के बाद मिलेगा प्रवेश
जीआरपी ने अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग की है, जिसमें 14 सब इंस्पेक्टर, 30 हैड कांस्टेबल, 85 कांस्टेबल, 14 महिला कांस्टेबल, 40 होम गार्ड और दो प्लाटून पीएसी शामिल हैं। हालांकि, इतनी संख्या में बल मिलना मुश्किल हो सकता है। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक नवरत्न गौतम ने बताया कि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्टेशन पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे और कड़ी चेकिंग के बाद ही यात्रियों को प्रवेश दिया जाएगा। इस प्रकार, कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी।
