Sambhal: यूपी के संभल जिले के एक गांव में नदी के पास जमीन से अचानक पानी का धारा फूटी। जिसके बाद वहां थोड़ी खुदाई की गई। खुदाई के दौरान जमीन में तीन पत्थर निकले, जिसे शिवलिंग बताया गया। जमीन में शिवलिंग मिलने की बात आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और भारी संख्या में लोग शिवलिंग को देखने के लिए उमड़ने लगे। इतना ही नहीं, गांव के लोगों ने जमीन में से मिले पत्थर को शिवलिंग मानते हुए उसकी पूजा-अर्चना करनी शुरू की। जहां शिवलिंग मिला है, वहां लोगों की भीड़ लगी हुई है, मेले जैसा माहौल बन गया है। लोगों को खुशी में झूमते-नाचते देखा जा रहा है।
संभल में जमीन से मिला शिवलिंग
जानकारी के अनुसार, जमीन से शिवलिंग के मिलने का यह मामला मकसूदनपुर गांव का है। यहां बगद नदी के किनारे जमीन में से मिले पत्थर को शिवलिंग मानकर उसकी पूजा की जा रही है। शिवलिंग को देखने के लिए गांव के लोगों की भीड़ उमड़ी हुई है। लोग एक-एक करके शिवलिंग की पूजा कर रहे हैं। गांव के लोगों का कहना है वह खेत पर काम करने गए तो उन्हें एक जगह से पानी निकलता दिखा। कुछ खुदाई करने पर उन्हें शिवलिंग मिला। यहां जमीन से शिवलिंग मिलने पर श्रद्धा और भक्ति का एक अनोखा नजारा देखने को मिला है।
गांव के कुछ ग्रामीणों का दावा है कि एक इसी गांव का रहने वाले एक व्यक्ति इस पत्थर को उठाकर अपने घर ले गया था, जिस कारण वह पूरी रात परेशान रहा और उसके परिवार को भी परेशानी हुई। पूरी रात परेशान रहने के कारण उनसे सुबह पत्थर को नदी किनारे स्थापित कर दिया, जहां अब लोगों को मिला है। जंगल में स्थापित शिवलिंग को देखने के लिए आसपास के गांव के लोग भी भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। दूर-दूर से लोग शिवलिंग की पूजा करने के लिए आ रहे हैं। यहां गाने-बजाने का सिलसिला शुरू हो गया है। कुछ लोगों ने डीजे लगाकर भगवान शिव के भजन बजाए, जिसमें लोग झूमते-नाचते नजर आए।
