Hapur News: ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले के दौरान ब्रजघाट गंगा तट पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 3 जून दोपहर 12 बजे से 6 जून रात 12 बजे तक रूट डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। एसपी के निर्देशानुसार, यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारना पड़ेगा ताकी यातायात को सुविधाजनक बनाया जा सके।
दिल्ली और गाजियाबाद से मुरादाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहन मसूरी, धौलाना, गुलावठी होते हुए बुलंदशहर, नरोरा, बबराला, बहजोई, डिबाई, चंदौसी के रास्ते मुरादाबाद पहुंचेंगे। छिजारसी से धौलाना, गुलावठी होते हुए भी इसी मार्ग से मुरादाबाद जाया जा सकता है। हापुड़ से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन सोना पेट्रोल पंप, गुलावठी, बुलंदशहर, बबराला, बहजोई, चंदौसी होते हुए मुरादाबाद पहुंचेंगे। मेरठ से मवाना रोड होते हुए मीरापुर, बिजनौर कोतवाली देहात, नगीना, धामपुर, कांठ, छजलैट मार्ग से वाहन मुरादाबाद जाएंगे।
गजरौला से दिल्ली की ओर आवागमन की बात करें तो वाहन गजरौला चौपला से होकर मंडी धनौरा, चांदपुर, हल्दौर, बिजनौर बैराज, मेरठ, मोदीनगर, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली जाएंगे। वहीं, मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले रूट पर वाहन मुरादाबाद से छजलैट, कांठ, धामपुर, नगीना, बिजनौर बैराज, मीरापुर, मवाना, मेरठ, मोदीनगर, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली की ओर जाएंगे।
जीरो ट्रैफिक की संभावना
यातायात प्रभारी छविराम ने बताया कि ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले को लेकर जनपद में 3 जून की दोपहर 12 बजे से 6 जून की रात 12 बजे तक भारी तथा हल्के वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया है। ऐसा कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर हल्के वाहनों का भी डायवर्जन किया जा सकता है। अधिक भीड़ या जाम की स्थिति में कुछ समय के लिये जीरो ट्रैफिक भी किया जा सकता है, ताकी यातायात सुगम हो। ऐसे में इस दौरान यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों का पालन करें और किसी भी असुविधा से बचने के लिए पहले से यात्रा की योजना बनाएं।
