गाजियाबाद

Hapur: तेज रफ्तार ट्रक बना पांच जिंदगियों का काल, एक ही बाइक पर सवार 1 व्यक्ति सहित चार मासूमों की दर्दनाक मौत

Hapur News Today (हापुड़ की खबर ): हापुड़ जिले में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही बाइक पर सवार एक व्यक्ति और चार मासूम बच्चों की जान चली गई। बुलंदशहर-हापुड़ मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही सभी की मौत हो गई। मृतक दानिश अपने परिवार और पड़ोसी के बच्चों को स्विमिंग पूल से नहाकर घर ला रहा था, तभी यह भीषण हादसा हो गया।

Image

हापुड़ में दर्दनाक सड़क हादसा

Photo : Times Now Digital

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक ही बाइक पर सवार पांच लोगों की जान चली गई। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुलंदशहर-हापुड़ मार्ग पर यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार मृतकों में दानिश नामक व्यक्ति शामिल था, जो अपनी दो बेटियों, एक भतीजे और एक पड़ोसी के बच्चे को लेकर मुरशदपुर स्थित स्विमिंग पूल से नहाकर लौट रहा था। इस दौरान उनकी बाइक को ट्रक ने कुचल दिया। इस दुर्घटना में मौके पर ही सभी की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रफीकनगर मजीदपुरा निवासी 36 वर्षीय दानिश रविवार को अपनी दो बेटियों, महिरा (6 वर्ष) और समायरा (5 वर्ष), अपने भतीजे समर (8 वर्ष), और पड़ोसी के बेटे माहिरा (8 वर्ष) के साथ मुरशदपुर स्थित स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। नहाने के बाद दानिश सभी बच्चों को एक ही बाइक पर बैठाकर वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हाफिजपुर थाना क्षेत्र के बुलंदशहर-हापुड़ रोड पर पड़ाव के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में दानिश और चारों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

परिजनों में छाया मातम

सभी घायलों को तुरंत देवनंदिनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही दानिश और बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंचे। जैसे ही उन्हें सभी की मौत की जानकारी मिली, पूरा परिवार गहरे सदमे में डूब गया और घर में कोहराम मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने जानकारी दी कि हाफिजपुर थाना क्षेत्र स्थित बुलंदशहर रोड पर एक तेज रफ्तार वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिस पर एक व्यक्ति और चार बच्चे सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में सभी पांचों की मौके पर ही मौत हो गई।

मामले की जांच जारी

पुलिस ने संबंधित वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अपर नगर मजिस्ट्रेट संदीप कुमार ने बताया कि मृतकों में दानिश नामक व्यक्ति, उसकी दो बेटियां, उसका भतीजा और एक पड़ोसी बच्चा शामिल हैं। घटना के समय दानिश सभी बच्चों को स्विमिंग पूल से नहलाकर बाइक से घर वापस ला रहा था, तभी यह दुर्घटना घटित हुई। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article