गाजियाबाद

Ghaziabad News: रील बनाने के शौक ने ले ली जान, ट्रेन से कटकर पति-पत्‍नी और दोस्‍त की मौत

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 15, 2022, 07:10 PM IST

Ghaziabad News: मसूरी थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। कल्लू गढ़ी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के बीच खड़े होकर सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे पति-पत्‍नी और इनका दोस्‍त पद्मावत एक्सप्रेस के चपेट में गए। जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद तीनों के शव कई टुकड़ों में बंट कर करीब 100 मीटर के ट्रैक पर बिखरे पड़े मिले।

Image

गाजियाबाद में ट्रेन से कटकर तीन की मौत

KEY HIGHLIGHTS
  • कल्लू गढ़ी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर बना रहे थे रील
  • रेलवे ट्रैक पर 100 मीटर तक बिखरे मिले तीनों के शव
  • पुलिस इस हादसे की सुसाइड के एंगल से भी कर रही जांच

Ghaziabad News: गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां के कल्लू गढ़ी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के बीच खड़े होकर सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे पति-पत्‍नी और इनके दोस्‍त की मौत हो गई। ये तीनों बीती रात पद्मावत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे के समय तीनों ट्रैक के बीच में खड़े होकर रील्स बना रहे थे। तीनों रील्‍स बनाने में इतने बिजी थे कि, उन्हें न तो ट्रेन का तेज हॉर्न सुनाई दिया और न ही ट्रेन की हेडलाइट दिखाई दी। हादसा इतना भयानक था कि, तीनों के शव कई टुकड़ों में बंट कर करीब 100 मीटर के ट्रैक पर बिखरे पड़े मिले। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों के टुकड़ों को बीनकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

मसूरी था प्रभारी इंस्पेक्टर आरसी पंत ने बताया कि, यह हादसा बुधवार रात कल्लू गढ़ी फाटक और डासना स्टेशन के बीच में हुआ। उस समय करीब 80 किलोमीटर की रफ्तार से पद्मावत एक्सप्रेस गाजियाबाद से मुरादाबाद की तरफ जा रही थी। ट्रेन के लोको पायलट द्वारा पुलिस को सौंपे गए मेमो में वीडियो बनाने के चक्कर में हादसे की बात कही गई है। लोको पायलट द्वारा स्टेशन पर दी गई जानकारी में बताया गया कि, तीनों पटरी के बीच खड़े थे। उनके मोबाइल की फ्लैश लाइट चालू थी। जिससे यह पता चल रहा था कि, वे वीडियो शूट कर रहे हैं। पायलट ने उन्‍हें हटाने के लिए कई बार हॉर्न भी दिया, लेकिन वे ट्रैक से नहीं हटे।

तीनों मसूरी के रहने वाले थे

ग्रामीण डीसीपी ईरज राजा ने बताया कि, जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक व्यक्ति का मोबाइल बरामद हुआ है। मोबाइल की डिस्प्ले स्क्रीन टूटी हुई है। लेकिन वह काम कर रहा है। पुलिस ने उस मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। हादसे में मृतकों की पहचान मसूरी के रहने वाले नदीम, पत्नी जनैब और दोस्त शकील के रूप में हुई है। नदीम और शकील टैक्सी ड्राइवर थे। पुलिस अधिरकारी इस हादसे की कई बिंदु पर जांच कर रही है। पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि, ये तीनों कब से एक साथ थे और रेलवे ट्रैक पर क्‍या करने आए थे। कहीं ऐसा तो नहीं कि ये सुसाइड हो।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article