गाजियाबाद

Ghaziabad: शातिर तस्‍कर ने बच्चों को नशा करा बनाया वीडियो, फिर ब्लैकमेल कर घर में कराता था ये काम

  • Produced by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 30, 2022, 01:30 PM IST

Ghaziabad News: गाजियाबाद की एक सोसायटी में एक नशा तस्‍कर द्वारा नाबालिग छात्र-छात्राओं को नशा करा घर में चोरी कराने का मामला सामने आया है। आरोपी बच्‍चों का नशा करते हुए वीडियो बना लेता और फिर उन्‍हें ब्लैकमेल कर उनके ही घर में चोरी करने का दबाव बनाता। आरोपी ने इस तरह कई बच्‍चों को ब्‍लैकमेल किया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।

Image

गाजियाबाद में बच्‍चों को नशे की लत लगाकर ब्‍लैकमेलिंग (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • आरोपी सोसायटी में रहने वाले नाबालिग बच्‍चों को बनाता शिकार
  • आरोपी लंबे समय से कर रहा गांजा और चरस तस्‍करी का धंधा
  • आरोपी कई बच्‍चों को नशे की लत लगा उन्‍हें कर चुका है ब्‍लैकमेल

Ghaziabad News: गाजियाबाद में अपराध का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक तस्‍कर एक सोसायटी के रहने वाले नाबालिग छात्र-छात्राओं को पहले नशे की लत लगाकर उनके वीडियो बनाता और फिर उन्‍हें ब्लैकमेल कर उनके ही घर में चोरी करने का दबाव बनाता। यह तस्कर इन बच्‍चों को वीडियो वायरल करने और अभिभावकों को दिखाने का डर दिखा कर उन्हें घर से गहने और नकदी लाने को कहता। इस तस्‍कर ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के बेटे को भी पहले सिगरेट पिलाकर उसकी वीडियो बनाई और फिर दबाव डालकर घर से लाखों रुपये कीमत के गहने और नकदी चोरी करा ली। अभिभावकों ने जब बच्‍चे पर दबाव डालकर पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।

क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान इसी सोसायटी के रहने वाले अमन के तौर पर हुई है। मामले का खुलासा होने के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। अभी तक की जांच में इस तरह से ब्‍लैकमेल कर कई अन्‍य बच्‍चों के साथ चोरी का पता चला है। पुलिस दूसरे बच्‍चों से भी पूछताछ कर वारदातों का पता लगाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि, आरोपी लंबे समय से इस तरह का अपराध कर रहा था।

गांजा भरी सिगरेट पिलाकर किया ब्‍लैकमेल

पुलिस को दी शिकायत में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बताया कि, उनका 14 साल का बेटा दसवीं कक्षा में पढ़ता है। सोसायटी में रहने वाला अमन आसपास के क्षेत्र में लंबे समय से चरस और गांजा बेचने का काम करता है। आरोपी ने उनके बेटे को गांजा भरी सिगरेट पिलाकर उसका वीडियो बना लिया। इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी अमन ने उनके बेटे पर घर में चोरी करने का दबाव बनाया और मजबूरन बेटे ने 15 हजार नकदी, दो तोले सोने का कड़ा, चांदी की दो मूर्ति घर से ले जाकर उसे दे दी। आरोपी इसके बाद और सामान घर से चोरी करने का दबाव बना रहा था। इससे बेटा परेशान और गुमसुम रहने लगा। जब परिजनों ने दबाव बनाकर इसका कारण पूछा तो उसने आपबीती बताई। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी ने बताया कि, मामले की जांच की जा रही है, आरोपी अभी फरार है। उसे जल्‍द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article