Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोनी गाजियाबाद कचहरी परिसर में पुलिस हिरासत से भागे 50 हजार के इनामी बदमाश अनिल पैंदा को पुलिस ने दबोच लिया। अनिल पैंदा को पुलिस ने सहारनपुर बॉर्डर विकास नगर रोड पीर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की टीम ने अनिल पैंदा को उसके बताए स्थान पर अवैध हथियार की बरामदगी कराने ले जा रही थी। इसी दौरान मौका पाकर उसने बंथला नहर रोड पर लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी से पिस्टल छीन ली। इसके बाद बदमाश ने एसआई को गोली मार दी, गोली एसआई के हाथ पर लगी।
बता दें कि मुठभेड़ में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अनिल के पैर में गोली मारी। इसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा पकड़ लिया। घायल एसआई और बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बदमाश को पकड़ने के बाद अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
60 दिन बाद आया पुलिस गिरफ्त में
बदमाश अनिल पैंदा हिरासत से फरार होने के 60 दिन बाद पुलिस की गिरफ्त में आया है। एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि, सितंबर से पुलिस को अनिल की तलाश थी। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि, उसने अवैध असलहा बंथला रोड पर एक स्थान पर छुपाकर रखा हुआ है। पुलिस टीम हथियार को बरामद करने के लिए उसे बंथला नहर रोड पर ले गई थी। यहां अनिल ने फिर से पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की।
