Ghaziabad Police: गाजियाबाद में युवाओं के बीच सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन करने का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। इस माह अब तक पुलिस इस तरह के चार मामलों में एफआईआर दर्ज कर करीब दो दर्जन युवकों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन इसके बाद भी युवा अपनी मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे। ऐसा ही एक बर्थडे सेलिब्रेशन बीती रात वसुंधरा सेक्टर 13 में एलिवेटेड रोड पर किया जा रहा था। करीब आठ गाड़ियों में आए 21 युवा सड़क जाम कर तेज अवाज में म्यूजिक बजा डांस कर उत्पात मचा रहे थे। इसी दौरान गश्त पर निकली इंदिरापुरम पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई और केक काटने से पहले सभी को दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि एलिवेटेड रोड पर कुछ युवक जाम कर उत्पात मचा रहे हैं। जिसके बाद यूपी गेट और राजनगर एक्सटेंशन दोनों ओर से रोड को ब्लॉक कर घेराबंदी की गई। पुलिस जब वहां पहुंची तो आरोपित युवक गाड़ी में तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर रोड पर डांस कर रहे थे। केक गाड़ी के बोनट पर रखा हुआ था और आरोपित केक काटने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस सभी आरोपियों के साथ केक भी थाने ले आई। पुलिस ने 21 आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ उनके पास से आठ गाड़ियां भी जब्त की है।
दिल्ली से यहां आए थे बर्थडे मनाने के लिए
गाजियाबाद पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी दिल्ली के जगतपुरी के रहने वाले अंश कोहली का जन्मदिन मनाने यहां पहुंचे थे। ये आरोपी यहां पर सुबह पांच बजे तक पार्टी करने वाले थे। गिरफ्तार आरोपियों में अंश कोहली, सालीन जैन, सुशांत मीना, दमन, पुलकित, आरूष नागपाल, प्रथम नागपाल, अनमोल चौपड़ा, कृष्णा, अमन, अनी, भरत नागपाल, शुभम, आकाश, प्रिंस, कुनाल, ऋषभ शर्मा, मयंक गोला, ऋषभ, अंकित, दीपांशु शामिल हैं। इन सभी आरोपितों की उम्र 19 से 26 के बीच है। ये सभी दिल्ली व इंदिरापुरम के रहने वाले हैं। इस गिरफ्तारी से उन युवाओं को बड़ा सबक मिला है, जो आए दिन सड़क पर उतर कर इस तरह का उत्पात मचाते हैं।
