गाजियाबाद

बागपत में सब्जियों से भरी पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलटी, 3 व्यापारियों की दर्दनाक मौत, 8 घायल

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में तीन व्यापारियों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। सब्जियों से भरी पिकअप वैन मीतली गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने बताया कि हादसा वाहन का एक्सल टूटने के कारण हुआ और मामले की जांच जारी है।

Image

बागपत में भीषण सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Baghpat Pickup Van Accident: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन व्यापारियों की मौत हो गई और चालक सहित आठ लोग घायल हो गए। यह हादसा मेरठ–बागपत–सोनीपत राजमार्ग पर मीतली गांव के पास उस समय हुआ जब सब्जियों से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी के अनुसार, सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के डौला गांव के कुछ किसान सब्जियों की खेप लेकर दिल्ली की आजादपुर मंडी जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटित हुई।

कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि मीतली गांव स्थित सर्वहितकारी इंटर कॉलेज के पास पहुंचते ही पिकअप का एक्सल अचानक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर वाहन के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।

घायलों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 60 वर्षीय जान मोहम्मद उर्फ जानू, 50 वर्षीय रज्जू और 45 वर्षीय अशफाक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि सात अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article