मेरठ में दो पक्षों में हुई फायरिंग और पथराव के बाद 25 गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो: Canva)
Meerut Sardhana Clash: मेरठ जिले के सरधना इलाके में बुधवार को आपसी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच झगड़ा बढ़कर हिंसा में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, सरधना थाना क्षेत्र के कालंदी गांव में हुए इस विवाद के बाद हालात बेकाबू हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 25 लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि, एक पक्ष के नितिन ने गांव के ही धीरेन्द्र समेत 13 लोगों पर लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और बंदूकों से हमला करने व जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष के धीरेन्द्र ने भी नितिन सहित 17 लोगों पर गोली चलाने और पथराव करने की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (मेरठ) के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और सरधना क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। जानकारी के मुताबिक, इन टीमों ने घटनास्थल से मिले सबूतों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से कार्रवाई करते हुए कुल 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
घटनास्थल से तीन कारें, तीन लाइसेंसी बंदूकें, एक अवैध तमंचा और कई कारतूस भी बरामद किए गए हैं। जांच में यह सामने आया कि कुछ लाइसेंसी हथियारों का भी इस्तेमाल हुआ है, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार व्यक्तियों को अदालत में पेश किया गया है और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है।
(इनपुट - भाषा)